अपडेटेड 18 January 2025 at 23:39 IST

मेरठ में जाल बिछाकर सुअर का शिकार कर रहे तीन शिकारी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर जंगली सुअर के शिकार में लिप्त तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

Follow :  
×

Share


Three hunters arrested for hunting pigs by laying traps in Meerut | Image: X

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर जंगली सुअर के शिकार में लिप्त तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम असिलपुर के निकट जाल लगाकर जंगली सुअर का शिकार कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने शनिवार को बताया कि वन विभाग को शुक्रवार को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मिश्रीपुर के कुछ निवासी ग्राम असिलपुर के निकट शिकार कर रहे हैं, जो जाल लगाकर जंगली सुअर का शिकार करते हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर मौके से तीन अपराधियों को मांस और सुअर के अवशेषों तथा हथियार के साथ रंगे हाथ धर दबोचा।

अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक, विनोद और मनोज निवासी ग्राम मिश्रीपुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि शिकारियों के पास से हथियार, जाल, करीब 35 किलो मांस और सूअर के अवशेष बरामद किए गए।

इसे भी पढ़ें: महाकुंभ : जूना अखाड़े में 1500 नागा संन्यासियों का दीक्षा संस्कार

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 18 January 2025 at 23:39 IST