जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर, अनंतनाग में आतंकी हमला, पुलिस टीम पर की फायरिंग; एक पुलिसकर्मी शहीद

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने कायराना हरकत करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी शहीद हो गए।

 
Follow :
Pahalgam Horror Haunts J&K Again: Head Constable Shot Dead In Broad-Daylight Terror Attack In Anantnag; TRF Claims Responsibility | Image: Republic

Terrorist Attack in J&K Anantnag: जम्मू-कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में आज (22 जुलाई) दोपहर पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी शहीद हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से कुछ देर तक मुठभेड़ चलती रही। इस कायराना हमले में पुलिस जवान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान वह शहीद हो गए।

July 22, 2026

हेड कांस्टेबल को बनाया निशाना

बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी लाल चौक के पास कोकेरनाग जाने वाले रास्ते पर ड्यूटी पर तैनात थे। तभी अचानक एक गाड़ी में सवार होकर आए आतंकियों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। गोली लगने से वह तुरंत घायल हो कर जमीन पर गिर पड़े।

वारदात को अंजाम देते ही हमलावर फरार

हेड कांस्टेबल को निशाना बनाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन, द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये ली है। 

आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे लाल चौक और उसके आस-पास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अब बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग और लोगों की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि कितने हमलावर थे और फायरिंग के बाद किस दिशा में भाग निकले। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी से लेकर अखिलेश यादव तक... संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर पहुंचे विपक्षी सांसद, जमकर किया हंगामा


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 22 July 2026 at 13:33 IST