अपडेटेड 9 March 2025 at 23:23 IST
तेलंगाना सुरंग हादसा: घटनास्थल से एक शव बरामद हुआ, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
SLBC की आंशिक रूप से ध्वस्त सुरंग में फंसे 8 लोगों को निकालने के लिए दो सप्ताह से प्रयासरत बचाव दलों ने रविवार को एक व्यक्ति का शव 10 फुट नीचे गाद से बरामद किया
तेलंगाना में ‘श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल’ (एसएलबीसी) की आंशिक रूप से ध्वस्त सुरंग में फंसे आठ लोगों को निकालने के लिए दो सप्ताह से प्रयासरत बचाव दलों ने रविवार को एक व्यक्ति का शव 10 फुट नीचे गाद से बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि शव को पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रियाओं के लिए नगरकुरनूल सिविल अस्पताल भिजवाया गया है।
उन्होंने बताया कि शव को 48 घंटे से अधिक समय तक ‘‘बहुत सावधानी से’’ खुदाई किए जाने और अन्य प्रयासों के बाद बाहर निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि शव करीब 10 फुट की गहराई में गाद के नीचे दबा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
बचाव अधिकारियों ने अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सरकारी खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज लिमिटेड और ‘रैट होल’ खनिकों की भूमिका की सराहना की। अधिकारी ने बताया कि सुरंग ढहने के कारण फंसे शेष श्रमिकों की तलाश जारी है।
इससे पहले, राज्य सरकार ने बचाव अभियान में केरल पुलिस के श्वान दस्तों को भी शामिल किया था और बचाव कर्मियों ने उन स्थानों पर खुदाई की जहां श्वान दस्तों ने मानव मौजूदगी का पता लगाया था।
इन कुत्तों को लापता लोगों और शवों का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
एसएलबीसी परियोजना सुरंग में 22 फरवरी से इंजीनियर और मजदूरों समेत लोग फंसे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय सेना, नौसेना तथा अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 9 March 2025 at 23:23 IST