'...तो केंद्र के खिलाफ युद्ध छेड़ेंगे', तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने क्यों दी चेतावनी? लगाए ये आरोप, 15 जून तक की दी डेडलाइन

Revanth Reddy Warning: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने फसल खरीद को लेकर केंद्र सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर केंद्र ने राज्य से धान और अन्य फसलें नहीं खरीदीं, तो 15 जून के बाद वो केंद्र के खिलाफ जंग का ऐलान करेंगे।

 
Follow :
तेलंगाना के सीएम की केंद्र की वॉर्निंग | Image: ANI

Telangana news: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने फसल की खरीद को लेकर केंद्र सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों की फसल खरीद को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने केंद्र के खिलाफ 'युद्ध' छेड़ने की धमकी भी दी। रेड्डी ने इसके लिए 15 जून तक का समय दिया है।

सीएम रेवंत रेड्डी कुमराम भीम आसिफाबाद जिले के कागजनगर में 'इंदिरम्मा' आवास योजना के दूसरे चरण की शुरुआत के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 जून तक धान और अन्य फसलों की खरीद नहीं हुई, तो राज्य सरकार केंद्र के खिलाफ 'युद्ध' का ऐलान करेगी।

भेदभाव का आरोप लगाया

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दूसरे राज्यों के मुकाबले, तेलंगाना में फसलों की खरीद को बिल्कुल अहमियत नहीं दे रही है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से कई दौर की मुलाकातें कीं, लेकिन फिर भी तेलंगाना को फसल खरीद में वो तरजीह नहीं दी जा रही है जो पंजाब, हरियाणा और दूसरे राज्यों को मिल रही है।

रेवंत रेड्डी ने बताया कि इस रबी सीजन में राज्य सरकार ने 75 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है और 15 जून तक खरीद पूरी कर ली जाएगी। साथ ही इस बार मक्के का उत्पादन भी करीब 40 लाख क्विंटल पहुंच गया है, जबकि पहले यह सिर्फ 4-5 लाख क्विंटल तक सीमित रहता था। ज्वार और सूरजमुखी की पैदावार भी रिकॉर्ड स्तर पर हुई है।

‘तो सारी फसल दफ्तर या घर के बाहर डंप कर देंगे’

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा, “किशन रेड्डी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। हमने धान और मक्का खरीद लिया है, अब बताओ इसे कहां रखें? बारिश में भीगा धान समेत बाकी फसलों को केंद्र तुरंत खरीदे।” रेवंत रेड्डी ने चेतावनी भी दी, “अगर 15 जून के बाद भी केंद्र नहीं खरीदता, तो सारी फसलें आपके पार्टी दफ्तर या आपके घर के बाहर डंप कर दी जाएंगी। केंद्र सरकार के खिलाफ खुली जंग छेड़ दी जाएगी।”

सीएम ने साफ कहा कि फसलें इकट्ठा करना राज्य का काम है, लेकिन उन्हें खरीदना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। अगर किशन रेड्डी अपनी ड्यूटी नहीं निभाते, तो तेलंगाना में खुलकर घूमना उनके लिए मुश्किल हो जाएगा।

फडणवीस से मुलाकात का नहीं मिल रहा समय- रेड्डी

रेवंत रेड्डी ने फडणवीस से मुलाकात न कराने पर पीएम मोदी और किशन रेड्डी पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोदावरी नदी पर तेलंगाना के प्रस्तावित तुम्मिदिहेत्ती बैराज की ऊंचाई तय करने के लिए वे फडणवीस से मुलाकात का समय मांग रहे हैं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। सीएम ने आरोप लगाया कि फडणवीस उनकी बार-बार की अपील को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं और बुनियादी शिष्टाचार तक नहीं दिखा रहे।

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सलाह दी थी कि राज्यों के बीच के विवादों को बातचीत से ही सुलझाया जाए। ठीक उसी सुझाव का पालन करते हुए वे फडणवीस से चर्चा करना चाहते हैं। अगर मुलाकात के लिए समय नहीं दिया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

यह भी पढ़ें: सड़कों पर उतरेंगी ममता बनर्जी, कोलकाता में प्रदर्शन, TMC का दावा- नहीं मिली पुलिस से अनुमति; पूर्व CM बोलीं- मैं दिल्ली जाकर…
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 June 2026 at 09:01 IST