VIDEO: कीचड़ उछाला तो हुआ बवाल, गुस्साए लोगों ने की पत्थरबाजी तो टैंकर चालक ने एक को कुचल डाला
Delhi: दिल्ली के संगम विहार इलाके में जलमग्न सड़क पर पानी के टैंकर द्वारा एक व्यक्ति को कुचलने की घटना के कुछ दिनों बाद इसका एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है।
- भारत
- 2 min read
Delhi: दिल्ली के संगम विहार इलाके में जलमग्न सड़क पर पानी के टैंकर द्वारा एक व्यक्ति को कुचलने की घटना के कुछ दिनों बाद इसका एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिल्ली के संगम विहार इलाके में कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक पानी के टैंकर पर पथराव कर दिया, जिसके बाद सिलसिलेवार घटनाएं हुईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
उसने बताया कि टैंकर की चपेट में आने से एक हमलावर की मौत हो गई, जबकि एक राहगीर को हमलावरों में से एक ने चाकू मार दिया, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, संगम विहार की जलभराव वाली एक संकरी गली में ऑटोरिक्शा खराब हो गया और उसमें सवार लोग उसे ठीक करने में व्यस्त थे।
अधिकारी ने बताया कि जलभराव वाली जगह पर पानी का एक टैंकर आया, जिसने ऑटोरिक्शा के पास खड़े लोगों पर छींटें मार दी।
दो मिनट के सीसीटीवी फुटेज में पानी के टैंकर के चालक से नाराज तीन से चार लोग टैंकर पर पत्थरों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि शुरुआत में हमलावरों ने चालक को गाड़ी से बाहर खींचने की कोशिश की।
टैंकर के चालक ने कुछ समय तक इंतजार किया, लेकिन जब हमला नहीं रुका, तो वह हमलावरों में से एक को कुचलते हुए तेजी से भागता हुआ दिखाई देता है।
पुलिस ने कहा कि नजदीक खड़े ऑटो चालक बबलू अहमद को कथित तौर पर चाकू मार दिया गया, क्योंकि उसने टैंकर पर हमला करने का विरोध जताया था।
अधिकारी ने बताया कि टैंकर चालक सपन सिंह (35) मौके से फरार हो गया, जबकि शाहदाब उर्फ सद्दाम की इस घटना में मौत हो गई।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 10:04 IST