तमिलनाडु के डिंडीगुल में भीषण सड़क हादसा, 100 फीट गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत; कई घायल
कोडईकनाल-पलानी पहाड़ी सड़क पर सावरिकडू के पास एक मिनीबस लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read
तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में गुरुवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोडईकनाल-पलानी पहाड़ी सड़क पर सावरिकडू के पास एक मिनीबस लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस में 24 यात्री सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालात गंभीर बताई जा रही है।
गहरी खाई में गिरी यात्री बस
पुलिस और बचाव टीमों के अनुसार, हादसा 19 नवंबर की रात को हुआ। बस में सवार सभी यात्री पलानी के मदीना नगर और उदुमलपेट के रहने वाले थे। वे कोडईकनाल के मूंजिक्कल इलाके में एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। घायलों को जलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को निकाला
घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पलानी और कोडईकनाल से पुलिस व अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। खाई से सभी घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कैसे हुआ हादसा?
तीन यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल दो से अधिक लोगों को आगे के इलाज के लिए कोयंबटूर रेफर कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे का सटीक कारण पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घाट रोड पर अचानक ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। मिनीबस सड़क से उतरकर सीधे गहरी खाई में गिर गई।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 20 November 2026 at 06:56 IST