फ्लोर टेस्ट में पास हुए थलापति विजय, समर्थन में 144 तो विरोध में पड़े सिर्फ 22 वोट; DMK ने किया बहिष्कार, बीजेपी रही 'न्यूट्रल'

Tamil Nadu TVK Floor Test: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय ने विधानसभा में अपना पहला फ्लोर टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिया है। 234 सदस्यीय सदन में विजय की सरकार के पक्ष में 144 वोट पड़े, जबकि विरोध में मात्र 22 वोट आए।

Follow :  
×

Share


Vijay Wins Trust Vote | Image: Republic/ X

Tamil Nadu TVK Floor Test: तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री थलापति विजय की सरकार ने विधानसभा में विश्वासमत (Floor Test) हासिल कर लिया है। बेहद गहमागहमी के बीच हुए इस शक्ति परीक्षण में विजय सरकार के पक्ष में 144 वोट पड़े, जबकि विरोध में केवल 22 वोट ही आए। इस जीत के साथ ही 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

कैसे मिली विजय को जीत?

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता थी। हालिया चुनाव नतीजों में विजय की पार्टी TVK 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। इसके बाद फ्लोर टेस्ट के दौरान टीवीके को कांग्रेस, CPI, CPM, VCK, IUML और AMMK के साथ-साथ AIADMK के 24 बागी विधायकों का भी साथ मिला। 

हालांकि इस बीच मुख्य रूप से AIADMK के पलानीस्वामी गुट के विधायकों ने सरकार के खिलाफ मतदान किया। वहीं, BJP के एकमात्र विधायक (भोजराजन एम) और PMK के 4 विधायकों सहित कुल 5 विधायक न्यूट्रल रहे। जबकि 59 सीटों वाली DMK ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया और वोटिंग से दूर रही।

दो धड़ों में बंटी AIADMK 

फ्लोर टेस्ट के दौरान विपक्षी दल AIADMK के भीतर बड़ी फूट देखने को मिली। पार्टी महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने विजय सरकार का विरोध करने का निर्देश दिया था, लेकिन पार्टी के कद्दावर नेता एस. पी. वेलुमनी ने टीवीके सरकार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। नतीजा यह हुआ कि AIADMK के 24 विधायकों ने व्हिप के बावजूद विजय के पक्ष में वोट डाला।

DMK का बहिष्कार और BJP का रुख

मुख्य विपक्षी दल DMK ने सदन से वॉकआउट कर विश्वासमत का बहिष्कार किया। DMK के हटने के बाद सदन में प्रभावी संख्या कम हो गई, जिससे विजय के लिए बहुमत साबित करना महज एक औपचारिकता रह गया। वहीं, बीजेपी ने इस पूरी प्रक्रिया में 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनाते हुए तटस्थ रहने का फैसला किया।

बता दें, थलापति विजय ने 4 मई को आए चुनावी नतीजों के बाद राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली थी। आज के फ्लोर टेस्ट ने यह साफ कर दिया है कि उन्हें न केवल छोटी पार्टियों बल्कि प्रमुख विपक्षी दलों के एक धड़े का भी समर्थन हासिल हो गया है। इसके बाद अब अटकलें हैं कि अगले कुछ दिनों में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकेगा। 

ये भी पढ़ें:  PM मोदी की राह पर चले बंगाल CM सुवेंदु अधिकारी, प्रवेश से पहले विधानसभा की सीढ़ियों पर हुए नतमस्तक; Video वायरल
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 13 May 2026 at 12:49 IST