अपडेटेड 12 June 2024 at 19:29 IST
ओडिशा में पहली बार BJP का CM, मोहन माझी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
Odisha News: ओडिशा में नई सरकार का शपथ ग्रहण हो गया है। मोहन माझी ने CM पद की शपथ ले ली है।
Odisha News: ओडिशा में नई सरकार का शपथ ग्रहण हो गया है। मोहन माझी ने CM पद की शपथ ले ली है। आपको बता दें कि उनके साथ केवी सिंह और प्रभाति परिदा डिप्टी सीएम के रूप में पदभार संभाला है।
कौन हैं मोहन माझी?
मोहन चरण माझी का जन्म 6 जनवरी 1972 को क्योंझर में ही हुआ था। माझी अनुसूचित जनजाति से आते हैं। उनकी पत्नी का नाम डॉ प्रियंका मरांडी है। माझी के राजनीतिक सफर की शुरुआत 1997 में हुई जब वो सरपंच बने। 1997 से लेकर 2000 तक वे सरपंच की भूमिका में रहे। इसके बाद 2000 में पहली बार विधायकी चुनाव जीते। 2000 में चुनावी जीत के बाद बीजेपी ने उन्हें ओडिशा आदिवासी मोर्चा का सचिव भी बनाया। 2005 से 2009 तक वे सरकारी उप मुख्य सचेतक भी बने रहे।
जिस वक्त नवीन पटनायक ओडिशा के मुख्यमंत्री बने, तब माझी ने पहली बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। करीब 24 साल के लंबे इंतजार के बाद अब माझी ने ओडिशा की कमान संभाली है। बता दें, बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में 147 सीटों में से 78 पर जीत हासिल की। वहीं, बीजद को 51, कांग्रेस को 14 और अन्य को चार सीटों पर जीत मिली।
BJP बोली- कांग्रेस ने कभी...
ओडिशा में पहली बार भाजपा सरकार में पूर्ण बहुमत के साथ आई है। ओडिशा में BJP की सरकार बनाने के बीच रेल मंत्री अश्निनी वैष्णव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।
रेल मंत्री ने ट्वीट करके कहा, "कुछ सोचने लायक बात है। पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर, जो बड़े पैमाने पर आदिवासी बहुल हैं, कांग्रेस ने 21वीं सदी में किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री नियुक्त नहीं किया है। भाजपा ने बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, विष्णुदेव साय और मोहन माझी सहित 4 आदिवासी मुख्यमंत्री दिए हैं। इसके अलावा असम में बीजेपी ने सर्बानंद सोनोवाल को सीएम बनाया, जबकि कांग्रेस ने किसी आदिवासी को सीएम नहीं बनाया।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 12 June 2024 at 17:21 IST