'ना SIR ना ज्ञानेश कुमार, उनका एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर देश में आग लगाना और सत्ता हथियाना है...', विपक्ष पर गरजे राजनाथ सिंह

विपक्ष पर निशाने साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “देश के युवाओं को अराजकता की राजनीति में मोहरे की तरह इस्तेमाल करने की कोशिशें हो रही हैं। कुछ लोग बांग्लादेश की घटनाओं की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।“

 
Follow :
Rajnath Singh | Image: ANI

वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) वाले बयान के बाद भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि बांग्लादेश में जो हुआ, वही कुछ लोग भारत में दोहराना चाहते हैं। इसी बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रशांत भूषण और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के युवाओं को अराजकता की राजनीति में मोहरे की तरह इस्तेमाल करने की कोशिशें हो रही हैं।

विवाद की शुरुआत मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे एक विरोध प्रदर्शन से हुई। प्रदर्शन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत भूषण ने साफ कहा, “हां, हम रिजीम चेंज चाहते हैं।” इसी कार्यक्रम में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता नेहा बोरा का वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश में हुए हालिया प्रदर्शनों से प्रेरणा लेने की बात कही। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इन वीडियो का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी खेमे के कुछ लोग बांग्लादेश मॉडल को भारत में लागू करने की कोशिश में हैं।

कुछ लोग जो बांग्लादेश में हुआ वही दोहराना चाहते हैं-राजनाथ सिंह

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “देश के युवाओं को अराजकता की राजनीति में मोहरे की तरह इस्तेमाल करने की कोशिशें हो रही हैं। कुछ लोग बांग्लादेश की घटनाओं की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन चाहते हैं और खुलेआम स्वीकार करते हैं कि उन्हें बांग्लादेश के हालात से प्रेरणा मिली है। कुछ अन्य लोग बेशर्मी से सरकार को गिराने की बात करते हैं।”

October 16, 2026

विपक्ष का एजेंडा सत्ता परिवर्तन है-राजनाथ 

रक्षा मंत्री ने आगे कहा, “इससे साफ हो जाता है कि उनका एकमात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट करना और देश में आग लगाना है। उनकी लड़ाई चुनावी सुधार के लिए नहीं है, न ही यह SIR या ज्ञानेश कुमार से जुड़ी है। यह देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी नहीं है। बल्कि, यह देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हथियाने की एक साजिश है।”

सीएम फडणवीस ने प्रशांत भूषण पर कसा तंज

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रशांत भूषण के बयान पर Gen Z स्टाइल में पलटवार किया है। उन्होंने अपने X पोस्ट में लिखा है, It’s done bro, everything is exposed !! Afterall, it was all about ‘Regime Change’। आखिर मन में छुपी बात होठों पर आ ही गई! सारा खेल सत्ता की कुर्सी पाने का है.. फिर उसके लिए विद्यार्थियों, किसानों को उकसाना ही क्यों ना पडे, जाति और भाषा के नाम पर द्वेष फैलाना पडे, या देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं की प्रतिमा मलीन करनी पडे। आंदोलन की आड में अराजकता फैलाना ही 'इनका' उद्देश है।

October 16, 2026

यह भी पढ़ें: 'राहुल रिजीम चेंज की बात कहकर जनता को चुनौती...', शाहनवाज हुसैन का बयान

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 16 October 2026 at 14:17 IST