'मैं हूं आपका 38 साल का अंकल', रिया अहीर संग मसले पर शहजाद पूनावाला ने फिर किया पोस्ट, इस बार मुद्दे को खत्म करने की अपील की
रिया अहीर ने शहजाद पूनावाला को अंकल कहा था जिस पर पूर्व बीजेपी प्रवक्ता ने जवाब दिया था। अब उन्होंने एक और पोस्ट शेयर कर इस मसले को खींचने की बजाय यहीं खत्म करने की अपील की है।
- भारत
- 3 min read
Shehzad Poonawalla: मॉडल रिया अहीर संग तीखी बहस के बीच पूर्व बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक नया वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में उन्होंने इस मसले को यही खत्म करने की बात कही है।
शहजाद पूनावाला ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर कर कहा, ‘गुड मॉर्निंग दोस्तों, मैं हूं आपका 38 साल का अंकल। मजाक कर रहा हूं! मैं ये वीडियो इसलिए बना रहा हूं क्योंकि कल सोशल मीडिया पर जो कुछ भी हुआ, वो आप सभी ने देखा ही होगा। मुझे उसे अलग से बताने की जरूरत नहीं है। ये वीडियो मैं इसलिए नहीं बना रहा कि मैंने किसी को कुछ कहा था, बल्कि इसलिए कि जिस तरह से आप सभी ने मेरा समर्थन किया और रिया को उसकी बेवकूफी के लिए आईना दिखाया, उसके लिए मैं थैंक्यू तो नहीं बोलना चाहता हूं। वैसे ये सच है कि अगर कोई किसी को बेवकूफ कहेगा, तो उसे पलटकर जवाब तो मिलेगा ही।’
हमें ये चैप्टर यहीं बंद कर देना चाहिए- पूनावाला
उन्होंंने आगे अपील करते हुए कहा, 'फिर भी आप लोगों ने जिस तरह मेरा साथ दिया, उसकी जितनी सराहना की जाए कम है। अब मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि हमें उस चैप्टर को यहीं बंद कर देना चाहिए। मैं जानता हूं कि यह मामला न तो मेरे कहने से शुरू हुआ था और न ही मेरे कहने से रुकेगा, फिर भी ये मेरी एक दिल से अपील है कि अब इस बात को यहीं खत्म किया जाए।'
'राइट विंग और लेफ्ट विंग की सोच में अंतर'
पूनावाला ने कहा कि राइट विंग और लेफ्ट विंग की सोच में अंतर है। जहां लेफ्ट विंग अक्सर आक्रामक और प्रतिशोधी व्यवहार में दिखाता है, वहीं राइट विंग जिसे मैं सही मायनों में 'नेशनलिस्ट विंग' कहना पसंद करूंगा- पूरी तरह से ईमानदार, सहानुभूतिपूर्ण और नेशन फर्स्ट की भावना से प्रेरित होता है। हमारी प्रतिक्रियाएं हमेशा सोच-समझकर और जिम्मेदारी के साथ आती हैं।
'देश में कई बड़ी चीजों पर ध्यान देने की जरूरत'
पूनावाला ने कहा कि मेरा सभी 'नेशनलिस्ट विंग' से आग्रह है कि हमें अब ऐसी बातों को इतना महत्व नहीं देना चाहिए। उन्होंने जो कुछ कहा, मैंने उसका जवाब दिया, जिसके बाद लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं- जो कि उनका अधिकार है। लेकिन एक सीमा के बाद हमें यह समझना होगा कि हम सब एक ही देश के नागरिक हैं और आपस में भाई-बहन की तरह हैं। हमें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे किसी को ज्यादा दुख और दर्द पहुंचे। अगर संभव हो, तो उन्हें जवाब देना ही बंद कर दें। उन्होंने जो कुछ भी कहा वो दुखद था, लेकिन अब समय आ गया है कि हम इस मुद्दे को यहीं छोड़ दें और आगे बढ़ें। जीवन में इससे कहीं ज्यादा जरूरी काम करने के लिए हैं। देश में कई बड़ी चीजें हो रही हैं, आइए अपना ध्यान उन पर लगाते हैं ।
आखिर क्या है पूरा मामला?
NEET प्रोटेस्ट से वायरल हुईं रिया अहीर एक पुलिस वैन के आगे खड़ी होकर चर्चा में आई थीं। बिग बॉस सीजन 20 में जनता के वोटों से किसी एक कंटेस्टेंट को एंट्री मिलनी थी, जहां रिया का मुकाबला पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल से था। ऐसे में लव ने जीत दर्ज की और वो BB हाउस में गईं, जबकि रिया को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
शहजाद पूनावाला ने एक रील में रिया पर निशाना साधा और दावा किया कि रिया का प्रोटेस्ट वाला वीडियो और फोटो एक स्क्रिप्टेड प्लान था। इसे राहुल गांधी, राज ठाकरे, सुप्रिया सुले और डिंपल यादव जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया था। इसके बाद रिया ने पूनावाला पर प्रहार करते हुए उन्हें अंकल कह दिया था।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 September 2026 at 13:35 IST