जम्मू कश्मीर में पुलिस कमांडो बनकर लूटपाट करने वाले गिरफ्तार
शहर के बाहरी इलाके में रात के समय पुलिस कमांडो बनकर ट्रकों को लूटने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
- भारत
- 2 min read
जम्मू-कश्मीर: शहर के बाहरी इलाके में रात के समय पुलिस कमांडो बनकर ट्रकों को लूटने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के रहने वाले चंचल सिंह ने 22 फरवरी को शालटेंग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीनगर-बांदीपोरा मार्ग पर मलूरा में उनके वाहन को रोका और उनसे नकदी और कीमती सामान लूट लिए।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कई पुलिस टीम गठित की गईं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
प्रवक्ता ने कहा, "कुछ ही दिनों में चार आरोपियों की पहचान कर ली गई और उन्हें शहर के विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार कर लिया गया।"
उन्होंने बताया कि आरोपी विशेष रूप से केंद्र शासित प्रदेश के बाहर के पंजीकरण नंबर वाले ट्रकों को निशाना बनाते थे और अपराध को अंजाम देने के लिए रात के समय राजमार्ग के सुनसान हिस्से को चुनते थे। उन्होंने बताया कि वे कमांडो की काली वर्दी पहनकर और नकली बंदूकों का प्रयोग कर चालकों को डराते थे और फिर उनसे नकदी, एटीएम कार्ड और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।
प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोग कुख्यात अपराधी हैं और उनके खिलाफ जम्मू कश्मीर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 26 February 2025 at 23:22 IST