सम्राट चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची मीसा भारती, FIR नहीं हुई दर्ज तो सरकार पर लगाए गंभीर आरोप; जानें पूरा मामला

राजद सांसद मीसा भारती देर शाम बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ FIR दर्ज कराने सचिवालय पुलिस स्टेशन पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बिहार में हो रही नाबालिगों के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

 
Follow :
सम्राट चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची मीसी भारती | Image: ANI/Republic

बिहार के जमुई नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई जारी है, मगर विपक्ष मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमलावर है। जमुई कांड में अब पीड़िता की तस्वीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। CM सम्राट चौधरी से मिलने के बाद परिवार के साथ पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई, जिसे करीब 15-20 मिनट बाद हटा दिया गया। इस घटना के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए, जबकि पाटलिपुत्र सांसद और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती शुक्रवार की देर शाम पटना के सचिवालय थाने पहुंच गईं।

मीसा भारती ने अपने आवेदन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि सीएम ने कानूनों का उल्लंघन करते हुए जमुई की छेड़खानी पीड़िता की पहचान उजागर कर दी। इसके पहले तेजस्वी यादव ने भी CM पर तुरंत पॉक्सो एक्ट लगाए जाने की मांग की। सीएम पर पॉक्सो एक्ट न लगाए जाने पर उन्होंने कोर्ट जाने की भी बात कही है।

मीसी भारती ने FIR में इन घटनाओं का किया जिक्र

पूरे विवाद पर RJD सांसद मीसा भारती ने कहा, "आपको पता है कि पिछले 1 हफ्ते से आय दिन बच्चियों के खिलाफ, महिलाओं के खिलाफ जिस तरह की घटनाएं बिहार में घट रही हैं, अलग-अलग जिलों में, जिसकी शुरूआत जमुई से होती है। जमुई के बाद समस्तीपुर में दो घटनाएं घट जाती हैं। उसके बाद पता चलता है कि बांका में भी इसी तरह की घटना हुई है, दरभंगा में भी हुई है। इन सबमें सबसे ज्यादा निर्ममता देखी जाए तो बाढ़ के बेलछी की घटना है।"

September 25, 2026

हम जाति की सांप-सीढ़ी खेलने थाने में नहीं आए हैं-मीसा भारती

मीसा भारती ने आगे कहा, "हम जाति की सांप-सीढ़ी खेलने सचिवालय थाने में नहीं आए हैं। हम सभी जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। जब मेरी FIR यहां नहीं ली जा रही है तो आप समझ सकते हैं कि बिहार के गरीबों की क्या स्थिति होती होगी। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री तो हैं ही, गृह मंत्री भी हैं। जमुई में 250 से अधिक लोगों के खिलाफ नामित FIR दर्ज की गई है और मुख्यमंत्री बच्ची को बुलाकर, PR का फोटो सेशन करवा रहे थे?"

CM ने पॉक्सो एक्ट का उल्लंघन किया 

नाबालिग की फोटो थोड़ी देर बाद डिलीट करने पर मीसा ने कहा,  "एक तरफ आप सभी चैनलों पर केस करवाते हैं और दूसरी तरफ आपने X हैंडल पर इस तरह की पोस्ट करते हैं? 20 मिनट के बाद इसे डिलीट भी कर दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने पॉक्सो एक्ट का उल्लंघन किया है। अब में शिकायत दर्ज कराने पहुंची हूं तो आखिर FIR क्यों नहीं लिया जा रहा है? क्या कारण है? सचिवालय थाने पर किसका दबाव है?"

सम्राट सरकार पर मीसा का गंभीर आरोप

सम्राट सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए RJD सांसद ने कहा,  "बिहार सरकार और बिहार सरकार के पूरे प्रशासन का ध्यान इस ओर होना चाहिए था कि इस तरह की घटनाएं कहीं न घटें लेकिन ये सिलसिला तो रुक ही नहीं रहा। अपराध की कोई जाति नहीं होती, धर्म नहीं होता। उसे कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए लेकिन इस सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।"

यह भी पढ़ें: 'CM पर लगे पॉक्सो एक्ट, वरना जाएंगे कोर्ट': जमुई कांड पर तेजस्वी का हमला

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 25 September 2026 at 22:06 IST