अपडेटेड 9 June 2025 at 00:14 IST
बेंगलुरु भगदड़ से 2 घंटे तक बेखबर थे कर्नाटक CM सिद्धारमैया, अब पुलिस के सिर फोड़ा 11 लोगों की मौत का ठीकरा
RCB विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ को लेकर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया दो घंटे तक बेखबर थे। उन्होंने 11 लोगों की मौत का ठीकरा पुलिस के सिर पर फोड़ दिया है।
IPL 2025 में RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद विक्ट्री परेड निकाली गई। इस दौरान हजारों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई थी। एक तरफ परेड जारी था और दूसरी तरफ भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 मासूम लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हुए। इन सबके बीच इन मासूम लोगों की मौत की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है। वहीं सीएम सिद्धारमैया का भी बयान सामने आया है। सीएम सिद्धारमैया ने 11 लोगों की मौत का ठीकरा पुलिस के सिर पर फोड़ दिया है।
बेंगलुरु की घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, "पुलिस विभाग ने आयोजन स्थल पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बारे में व्यापक जानकारी नहीं दी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं था और मुझे इसके लिए आमंत्रित भी नहीं किया गया था। भाजपा और JDS राजनीति से प्रेरित बयान दे रहे हैं। हालांकि घायलों को दोपहर 3.50 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन मुझे शाम 5.45 बजे सूचना मिली कि स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई और लोग मर गए। भगदड़ नहीं होनी चाहिए थी। यह बहुत दुखद है।"
2 घंटे बाद CM को मिली घटना की जानकारी
इसका मतलब ये है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री को दो घंटे तक इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके राज्य में क्या हो रहा है। वो एक विक्ट्री इवेंट में इतने व्यस्त थे कि उन्हें इस बात की जानकारी करीब 2 घंटे बाद मिलती है, कि उनके राज्य में 11 लोगों की मौत हो गई है।
भगदड़ मामले में FIR दर्ज
इस भगदड़ मामले में बेंगलुरु में 5 जून को FIR दर्ज किया गया। एफआईआर अप्राकृतिक मौत के तहत दर्ज किया गया, लेकिन इसमें किसी का नाम नहीं है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल पर साक्ष्य जुटा रही है और CCTV फुटेज चेक कर रही है। एफआईआर के बाद कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए बेंगलुरु शहरी डीसी को नियुक्त किया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने एक आदेश जारी कर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी जी जगदीश को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ की घटना की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया। इसके अलावा कर्नाटक सरकार ने मृतक पीड़ितों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
कैसे हुआ था हादसा
IPL 2025 विजेता बनने के बाद RCB बेंगलुरु में विजय जुलूस निकाल रही थी। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर कार्यक्रम आयोजित किया था। हालात उस समय बिगड़ गए, जब कार्यक्रम में भाग लेने हजारों लोग उमड़ पड़े और स्टेडियम के बाहर जमा हो गए। लोग जबरन स्टेडियम में घुसने लगे, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हुई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 9 June 2025 at 00:14 IST