अपडेटेड 27 March 2025 at 12:14 IST
रांची: पार्टी नेता की हत्या के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, नौ घंटे का बंद शुरू
भाजपा के रांची ग्रामीण जिला महासचिव अनिल महतो टाइगर की बुधवार को दिनदहाड़े रांची में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पूर्व जिला परिषद सदस्य भी थे।
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की हत्या के विरोध में भाजपा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी और अन्य संगठनों के समर्थक बृहस्पतिवार को सड़कों पर उतर आए तथा राज्य की राजधानी में उनके द्वारा आहूत नौ घंटे का बंद शुरू हो गया।
भाजपा के रांची ग्रामीण जिला महासचिव अनिल महतो टाइगर की बुधवार को दिनदहाड़े रांची में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पूर्व जिला परिषद सदस्य भी थे। पार्टी के झंडे थामे कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही रांची के हरमू, धुर्वा और पिस्का मोड़ सहित विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा, ‘‘हमने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और अनिल महतो टाइगर की हत्या के विरोध में शाम पांच बजे तक नौ घंटे के बंद का आह्वान किया है।’’
झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा, केंद्रीय सरना समिति और कुछ अन्य संगठनों ने भी बंद को समर्थन दिया है। बंद के मद्देनजर बृहस्पतिवार को शहर के अधिकतर स्कूल बंद रहे। सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की संख्या भी अन्य दिनों की तुलना में कम रही। रांची प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है तथा प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: अनिल टाइगर की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 27 March 2025 at 12:14 IST