अपडेटेड 19 May 2024 at 16:18 IST
स्वाती मालीवाल केस: लखनऊ से मुंबई तक दौड़, फिर दिल्ली में CM आवास बना ठिकाना, कैसे पकड़ में आए विभव?
स्वाति मालीवाल पर सीएम हाउस में 13 मई को कथित हमला हुआ था। घटना के छठे दिन 19 मई को दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को गिरफ्तार किया।
Bibhav Kumar: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी विभव कुमार अब दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में हैं। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की शिकायत के बाद विभव कुमार की गिरफ्तारी हुई है। 19 मई को दिल्ली पुलिस ने उसी मुख्यमंत्री आवास से विभव कुमार को गिरफ्तार किया, जहां 6 दिन पहले 13 मई को स्वाति मालीवाल पर कथित हमला हुआ था। इन 6 दिनों के भीतर विभव कुमार की लोकेशन पंजाब में भी मिली थी, उन्हें लखनऊ में भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ देखा गया था और मुंबई भी जाने की चर्चाएं सामने आईं। हालांकि लखनऊ से मुंबई तक दौड़ लगाने के बाद जब विभव कुमार दिल्ली वापस आ गए तो उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार को अचानक से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची थी, जहां विभव कुमार की मौजूदगी के बारे में पता चला था। उसके पहले आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा भी सीएम हाउस पहुंच चुके थे। कुछ समय बाद सीएम आवास से विभव कुमार को गिरफ्तार करके दिल्ली पुलिस सिविल लाइंस थाने ले गई। बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से 5 दिन की कस्टडी मिल चुकी है। हालांकि आपको यहां वो टाइम लाइन समझाते हैं कि विभव कुमार कैसे पुलिस की पकड़ में आए?
विभव कुमार की गिरफ्तारी की पूरी टाइमलाइन
दिल्ली पुलिस के सूत्र बताते हैं कि लोकल इंटेलिजेंस से पता चला था कि विभव कुमार 19 मई को मुख्यमंत्री आवास के भीतर थे, जिसके बाद टीम तुरंत एक्टिव हुई और मुख्यमंत्री आवास पर जा धमकी। उत्तरी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी। इसमें उत्तरी दिल्ली की एडिशनल डीसीपी अंजिता चेप्याला के साथ सिविल लाइंस के एसएचओ थे। सूत्र बताते हैं कि जब सीएम हाउस पर दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची थी तो विभव कुमार अपने रूम के बाहर आ चुके थे। अंदेशा है कि विभव ने पहले ही सीसीटीवी में पुलिस को देख लिया था, जिसके बाद वो खुद अपने रूम से बाहर निकलकर आ गए।
सूत्रों का कहना है कि जब वक्त विभव कुमार को दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास से पकड़ा था, उस समय राघव चड्ढा वहीं मौजूद थे। दिलचस्प बात ये थी कि विभव कुमार को ले जाते समय सीएम हाउस में किसी ने विरोध नहीं किया था। सूत्र बताते हैं कि विभव कुमार को पिछले गेट से लेकर पुलिस सिविल लाइंस की तरफ निकल गई थी, जबकि बड़े पुलिस अधिकारी सीएम हाउस के मेन गेट से निकले थे।
विभव क्यों फिर CM हाउस लौटे थे?
सूत्र कहते हैं कि फिलहाल पुलिस ये पता लगाने की कोशिश में लगी है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ लखनऊ तक जाने वाले विभव कुमार वापस सीएम हाउस क्यों आए थे? विभव कुमार के वापस सीएम हाउस होने को लेकर एक संदेह ये भी हो सकता है कि कहीं सबूतों को मिटाने की कोशिश तो नहीं की गई। दिल्ली पुलिस ने रिमांड अर्जी में कहा कि शनिवार को विभव कुमार मुख्यमंत्री के आवास पर मौजूद थे और पूछताछ किए जाने पर उन्होंने टालमटोल करने वाले जवाब दिए। दिल्ली पुलिस खुद यहां तक कहती है कि 'घटना स्थल पर उनकी मौजूदगी से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अहम सबूतों से छेड़छाड़ किए जाने की अधिक संभावना है।'
रिमांड अर्जी में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया कि विभव कुमार ने गिरफ्तारी से पहले शुक्रवार को मुंबई में अपना मोबाइल 'फॉर्मेट' कर दिया था। जबकि उनके मोबाइल फोन के डेटा तक पासवर्ड की मदद से ही पहुंचा जा सकता है। हालांकि पुलिस मोबाइल से हटाए गए डेटा को रिकवर करने के लिए विभव कुमार को मुंबई ले जा सकती है।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 19 May 2024 at 13:31 IST