Rajasthan: कोटा में बरडा बस्ती के कई घरों में अचानक दौड़ा करंट, हादसे में एक महिला की मौत, 9 लोग झुलसे; जानें कैसे हुआ दर्दनाकर हादसा

कोटा में हाई टेंशन लाइन के इंसुलेटर खराब होने से कई घरों में करंट दौड़ गया, इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं 9 लोग झुलस गए। जानें कैसे हुआ कोटा में दर्दनाक हादसा? पूरी खबर पढ़ें

 
Follow :
हाई टेंशन लाइन से घरों में दौड़ा करंट, महिला की मौत, 9 लोग झुलसे | Image: Representative

Kota Accident: कोटा के अनंतपुरा की बरडा बस्ती में अचानक एक भयानक हादसा हो गया। घरों के अंदर बिजली के उपकरणों में तेज करंट दौड़ने लगा। लोग समझ भी नहीं पाए कि क्या हो रहा है और चीखते-चिल्लाते घरों से बाहर भागने लगे। इस हादसे में 30 साल की सलमा की मौके पर मौत हो गई, जबकि 9 और लोग झुलस गए।

क्या थी पूरी घटना? 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर का वक्त था। अचानक फ्रिज, पंखे और लाइटों में करंट आने लगा। पूरे मुहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे डरकर बाहर निकले। स्थानीय लोग तुरंत आगे आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस और JVVNL की टीम भी जल्दी मौके पर पहुंच गई।

हादसे के पीछे क्या कारण था? 

पुलिस और JVVNL की प्राथमिक जांच के मुताबिक, घरों के ऊपर से गुजर रही जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) की हाई टेंशन लाइन का इंसुलेटर अपनी जगह से हट गया था। इससे करंट सीधे घरों तक पहुंच गया। JVVNL के अधीक्षण अभियंता शिवचरण जांगिड़ ने बताया कि पास की खदानों से उछले पत्थरों की वजह से इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हुआ हो सकता है। हालांकि, असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा।

हादसे में चार महिलाएं, तीन बच्चे और दो अन्य लोग घायल हुए, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुताबिक, घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे के तुरंत बाद इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। मरम्मत के बाद बाद में बिजली बहाल कर दी गई। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। JVVNL ने भी पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।  

यह भी पढ़ें: लैंडस्लाइड के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और हाईवे बंद, कई ट्रेनें रद्द

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 6 July 2026 at 12:07 IST