फिर बेबस मुंबई! भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और हाईवे पूरी तरह बंद, कई ट्रेनें भी हुई रद्द; कहां कैसे हालात?

मुंबई में भारी बारिश के बाद भोर घाट और एक्सप्रेसवे पर भीषण लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे, पुराना हाईवे और रेल रूट पूरी तरह ठप हो गए हैं। डेक्कन क्वीन समेत 16 ट्रेनें रद्द हैं और स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Mumbai
मुंबई में बारिश से बिगड़े हालात | Image: Republic/X

Mumbai Rain: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर कुदरत के कहर के आगे बेबस नजर आ रही है। पिछले 48 घंटों से जारी रिकॉर्डतोड़ बरसात ने मायानगरी की रफ्तार पर न सिर्फ ब्रेक लगा दिया है, बल्कि जिंदगी को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन सभी सरकारी, प्राइवेट और नगर निगम (BMC) के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

मुंबई-पुणे रूट पर लैंडस्लाइड

इस समय मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए स्थिति बेहद ही गंभीर हो गई है। मूसलाधार बारिश और पहाड़ी इलाकों में भीषण भूस्खलन की वजह से पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया है।

भारी बारिश के चलते पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड के पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर टनल 2 के एग्जिट गेट के पास बड़ा भूस्खलन हुआ है। इससे मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद हो गई। पुरानी मुंबई-पुणे हाईवे पर भी ट्रैफिक प्रभावित है। MSRDC और अधिकारियों ने मुंबई-पुणे यात्रा से बचने की अपील की है।

रेल सेवाएं भी प्रभावित

दूसरी ओर लैंडस्लाइड के चलते मुंबई-पुणे रेल सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण कर्जत और लोनावला के बीच स्थित भोर घाट सेक्शन में भीषण भूस्खलन हो गया। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, भूस्खलन तड़के करीब 3:05 बजे ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच अप मेन लाइन पर हुआ। इसके तुरंत बाद खंडाला और मंकी हिल के बीच मिडिल लाइन पर भी भारी मलबा आ गिरा।

Advertisement

इस लैंडस्लाइड के कारण मुंबई-पुणे रूट की तीनों रेलवे लाइनें (अप, डाउन और मिडिल) पूरी तरह ब्लॉक हो गई हैं। सुरक्षा के लिहाज से रेलवे ने इस रूट पर चलने वाली करीब 16 महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रद्द होने वाली ट्रेनों में मुंबई-पुणे की डेक्कन क्वीन, इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस और सिंहगढ़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कई लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर मलबा हटाने के काम में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश काम में रोड़ा अटका रही है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर बड़े पत्थर गिरने से पैदा हुई स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि टीम बहाली के काम के लिए पूरी तरह तैयार है। आज भी भारी बारिश की संभावना है। वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे के अधिकारियों से कहा है कि वे एक टीम के तौर पर काम करें जिससे सभी ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

Advertisement

उड़ानों पर पड़ा असर

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी विजिबिलिटी कम होने और तेज हवाओं की वजह से रनवे ऑपरेशंस को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इसके चलते कई उड़ानों को नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया, जबकि इंडिगो की कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

हर तरफ हालात इस समय काफी खराब हैं। मुंबई के निचले इलाकों जैसे हिंदमाता, सायन, कूर्ला, अंधेरी सबवे और मानखुर्द में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। मानखुर्द इलाके में भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला चॉल ढहने से दर्दनाक घटना हुई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले कूर्ला में पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी।

मेयर की लोगों से अपील

इस बीच मुंबई की मेयर रितु तावड़े और BMC प्रशासन ने नागरिकों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है, जिसके चलते मरीन ड्राइव और अन्य चौपाटियों पर जाने से लोगों को सख्ती से मना किया गया है। मेयर ने कहा कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें और तटीय इलाकों से दूर रहें।

वहीं, यात्रियों की मदद के लिए सेंट्रल रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर एक्टिव कर दिए हैं:

CSMT: 022-22694040

ठाणे (Thane): 9321336747

लोनावला (Lonavala): 8356854238

दादर (Dadar): 9136452387

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: केजरीवाल ने नितिन नवीन से पूछा- आप कौन? तो बरसीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, कहा- अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर…

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड