जयपुर में ATS को बड़ी सफलता, जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क से जुड़कर काम करने के आरोप में महिला गिरफ्तार, मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण जब्त
जयपुर में राजस्थान ATS और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया से प्रभावित महिला पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रही थी। इस तरह पकड़ी गई, पढे़ं पूरी खबर
- भारत
- 3 min read
Rajasthan News: राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जयपुर से एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के रूप में हुई है। उस पर प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क से जुड़ने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर ATS ने जयपुर के ग्रामीण इलाके में ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद छापेमारी कर महिला को हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि वह लंबे वक्त से सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान के संदिग्ध लोगों से संपर्क में थी।
मोबाइल फोन और डिजिटल टूल जब्त
जांच एजेंसियों का कहना है कि महिला मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले की निवासी है। पूछताछ में सामने आया कि वो इंटरनेट के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित हुई। बाद में उसने अपना नाम बदलकर खदीजा रख लिया और जैश-ए-मोहम्मद के स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़ गई।
पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ें नंबर मिले
ATS ने महिला के मोबाइल फोन और बाकी डिजिटल टूल भी जब्त किए, जिसके बाद इनकी फोरेंसिक जांच में कई जानकारियां मिली हैं। जांच अधिकारियों के मुताबिक उसके संपर्कों में पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़े नंबर पाए गए। इनमें जैश के कमांडर कारी जरार और आतंकी सरगना मसूद अजहर के रिश्तेदार युसूफ अजहर उर्फ गोरी के नेटवर्क से जुड़े संपर्क भी शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि महिला संवेदनशील सूचनाएं जुटाने और उन्हें सीमा पार भेजने के काम में लगी हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह भारत छोड़कर पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रही थी। हालांकि इस बारे में अभी पूरी जांच अभी नहीं हुई है। खुफिया एजेंसियां इस मामले को जैश-ए-मोहम्मद की कथित महिला मॉड्यूल रणनीति से जोड़कर देख रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि ऑनलाइन माध्यम से युवतियों और महिलाओं को प्रभावित कर आतंकी नेटवर्क से जोड़ने की कोशिशें की जा रही हैं।
महिला के संपर्क में और कौन-कौन था?
फिलहाल महिला से एक सुरक्षित स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है। ATS और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमें यह पता लगा रही हैं कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और राजस्थान में उसे किसी स्थानीय मदद मिल रही थी या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां अब जयपुर, सवाई माधोपुर और बाकी जिलों में उसके संभावित सहयोगियों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल के बजट में CM सुवेंदु ने की घोषणाओं की बौछार
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 22 June 2026 at 16:52 IST