'उसमें लिखा है कि महिलाएं कभी स्वतंत्र न हो, लेकिन...', मनुस्मृति का जिक्र करते हुए बोले राहुल गांधी, BJP ने कांग्रेस नेता के बयान को बताया 'हिंदूफोबिया'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में महिलाओं की आजादी और पितृसत्ता के मुद्दे पर बात की। इस दौरान उन्होंने अपने भाषण में मनुस्मृति के एक उद्धरण का जिक्र कर उसे शर्मनाक बताया।
- भारत
- 3 min read
Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब अपने नए बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मनुस्मृति का जिक्र करते हुए उस सोच को शर्मनाक बताया, जो महिलाओं को सिर्फ पिता, पति या बच्चों की संपत्ति मानती है।
दरअसल, राहुल गांधी ने शनिवार (22 अगस्त) को पुणे के AISSMS कॉलेज ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकारों पर बात करते हुए मनुस्मृति का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उसमें (मनुस्मृति) लिखा है कि बचपन में महिला पिता के अधीन, युवावस्था में पति के अधीन और पति की मृत्यु के बाद बेटों के अधीन रहती है। उन्होंने कहा कि मनुस्मृति के मुताबिक, महिलाएं कभी स्वतंत्र नहीं हो सकती। उन्होंने इस सोच को शर्मनाक बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत यह है कि महिलाएं स्वतंत्र हों, अपने लिए खड़ी हों और खुद पर विश्वास करें। आप अपने सिवाय किसी के अधीन नहीं हो सकती हैं।
महिलाओं की सोच अधिक दूरदर्शी- राहुल
कांग्रेस सांसद ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगे कहा कि महिलाएं स्वभाव से पुरुषों की तुलना में अधिक कोमल, दयालु, संवेदनशील और दूरदर्शी सोच रखने वाली होती हैं। यही कारण है कि वे मानते हैं कि भारत की महिलाएं देश की सबसे बड़ी ताकते हैं।
'तीन भूमिकाओं में बांटी जाती हैं महिलाएं'
उन्होंने कहा कि जब भी महिलाओं की बात होती है, तो उन्हें अक्सर तीन भूमिकाओं में बांट दिया जाता है- बेटी, पत्नी या मां। इन रूपों में पहचान होने में कुछ भी गलत नहीं है, लेकिन यही किसी महिला की एकमात्र पहचान नहीं हो सकती। आज देश की अनगिनत प्रतिभाशाली महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में शानदार काम कर रही हैं। वे प्रोफेशनल हैं, खिलाड़ी हैं और हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। ऐसे में उनकी पहचान को केवल बेटी, पत्नी या मां तक सीमित नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी का हिंदूफोबिया जारी है- BJP
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने राहुल गांधी पर हिंदूफोबिया को जारी रखने का आरोप लगाया। उन्होंने X पर राहुल गांधी के भाषण की क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, 'राहुल गांधी अपनी हिंदू-विरोधी सोच (हिंदूफोबिया) को जारी रखे हुए हैं। वे दूसरे धर्मों के ग्रंथों से जुड़े मुद्दों पर उपदेश देना कब शुरू करेंगे? यह युवा मस्तिष्कों में जहरीली सोच भरने जैसा है। भारत में विपक्ष के नेता (LOP) डॉ. जाकिर नाइक का ही अंग्रेजी बोलने वाला संस्करण हैं।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 August 2026 at 23:39 IST