बिना इजाजत स्कूल में घुसे, शिक्षकों को धमकाया... CJP प्रमुख अभिजीत दिपके के खिलाफ लातूर में FIR दर्ज, क्या है पूरा मामला?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके के खिलाफ महाराष्ट्र की लातूर पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश किया गया और फोटो भी खींचे गए। इसके अलावा शिक्षकों को भी धमकाने का आरोप है।
- भारत
- 3 min read

FIR Against Abhijeet Dipke: महाराष्ट्र के लातूर में औसा पुलिस स्टेशन में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके, पार्टी कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि वे बिना इजाजत सरकारी स्कूल में घुसे और छात्रों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ स्कूल के कामकाज में भी बाधा डाली।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर दिपके और उनके साथी स्कूल में आए, छात्रों के बीच बैठे और कई सवाल पूछे और करीब डेढ़ से दो घंटे तक स्कूल परिसर में मौजूद रहे। आरोप है कि इस हरकत से छात्रों की पढ़ाई और स्कूल का कामकाज दोनों बाधित हुए।
सरकारी स्कूल में बिना इजाजत घुसने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल और कक्षाओं में बिना अनुमति प्रवेश किया गया और फोटो भी खींचे गए। स्कूल में दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को बैठाए जाने के मुद्दे को लेकर शिक्षकों के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ। शिक्षकों का यह भी आरोप है कि इस दौरान अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और निलंबित कराने की धमकी भी दी गई।
इन धाराओं में मामला दर्ज
एक महिला शिक्षिका की शिकायत के आधार पर औसा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 329(3), 351(2), 356(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। औसा पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।
Advertisement
यह FIR जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका सैयद शमशादबानो खैरात अली (53) की शिकायत पर औसा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। दिपके सीजेपी के चल रहे 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत महाराष्ट्र के लातूर जिले के स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। इसकी के तहत वो जिला परिषद उर्दू स्कूल भी पहुंचे थे।
आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक अभिजीत दिपके और उनके साथ मौजूद लोगों का पक्ष सामने नहीं आया है।
Advertisement
सरकारी स्कूल के दौरे पर पहुंचे थे दिपके
बता दें कि अभिजीत दिपके गुरुवार को महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा इलाके में एक सरकारी स्कूल में पहुंचे थे। उनका यह दौरान 'स्कूल ठीक करो' अभियान का हिस्सा था। इस दौरान दिपके ने आरोप लगाया था कि जिला परिषद स्कूल की कक्षाओं में दूसरे स्कूलों के बच्चों को बैठाया गया था। उनका दावा था कि इन बच्चों को स्कूल के अपने विद्यार्थियों के तौर पर दिखाने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी आरोप मढ़ा कि कक्षा में बिठाए गए कुछ बच्चे स्कूल के रिकॉर्ड में पंजीकृत तक नहीं थे।
इसके अलावा उन्होंने स्कूल परिसर में शराब की बोतलें मिलने का भी दावा किया था। उन्होंने कहा कि स्कूल में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। यहां तक की शौचालयों की सफाई भी उनके पहुंचने से कुछ समय पहले कराई गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मिड डे मील के लिए प्लेटें भी उनके दौरे की खबर मिलने के बाद लाई गईं।