Patna Rally Row: मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर राहुल गांधी मौन, R भारत के सवालों से बनाई दूरी!

मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी पर जब रिपब्लिक भारत के रिपोर्टर ने राहुल गांधी से सवाल पूछे तो उन्होंने जवाब नहीं दिया।

 
Follow :

Patna Rally Row: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई हालिया टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। उनके अमर्यादित बयान पर राहुल गांधी ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।

जब 'रिपब्लिक भारत' के रिपोर्टर ने इस मामले पर राहुल गांधी से सवाल करना चाहा, तो वह जवाब देने से बचते हुए नजर आए। खड़गे के बयान पर कांग्रेस नेता की इस खामोशी को लेकर बीजेपी हमलावर है।

बीजेपी के निशाने पर खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक बार फिर अमर्यादित बयान देकर बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। उनकी पीएम मोदी के पिता पर की गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी नेता भड़क उठे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने उनके बयान की निंदा की और उनसे माफी मांगने को कहा है।

सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी- अमित शाह

अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।'

ये कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन दर्शाता है- नितिन 

वहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स पर लिखा, 'पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है। जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जन कल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।'

सीएम सम्राट चौधरी ने की माफी की मांग

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा, 'कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री जी के पूज्य पिताजी के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। इस अमर्यादित टिप्पणी के लिए कांग्रेस, खड़गे और राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। यह एक तरह से अपराध है।'

यह भी पढ़ें: Patna Rally Row: खड़गे के 'बाप भी जाएगा' वाले बयान पर बुरी तरह भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं- घटिया और सड़कछाप राजनीति...

 


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 26 October 2026 at 09:27 IST