पंजाब में महिलाओं की बल्ले-बल्ले, इस दिन जारी होगी 'मावां-धीयां सत्कार योजना' की पहली किस्त, खाते में आएंगे 3000 से 4500 रुपये
'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई एक प्रमुख महिला सशक्तिकरण और वित्तीय सहायता योजना है। 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र की सभी पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
- भारत
- 3 min read
Punjab News: पंजाब की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। 'मावां धीयां सत्कार योजना' के तहत 1 जुलाई को महिलाओं के खाते में पहली किस्त जमा होगी। इस दौरान एक साथ तीन महीने की किस्त जारी की जाएगी। ऐसे में अनुसूचित जाति (SC) की माओं-बहनों को एक साथ 4,500 रुपये मिलेंगे। वहीं, बाकी सभी श्रेणियों की महिलाओं के अकाउंट में 3 हजार रुपये आएंगे।
CM मान ने किया ऐलान
फतेहगढ़ साहिब हलके के गांव चनारथल कलां में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इसका ऐलान किया। कहा कि यह सहायता तब तक जारी रहेगी जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में है। मान ने कहा कि यह वित्तीय सहायता महिलाओं को अमीर नहीं बनाएगी, लेकिन उन्हें सम्मान, आत्म-सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान करेगी।
केजरीवाल ने जताई खुशी
आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने लिखा, "पंजाब की सभी मां, बहनों और बेटियों को बहुत-बहुत बधाई। 1 जुलाई को उनके खाते में तीन महीने के पैसे एक साथ आयेंगे। हर जनरल केटेगरी की महिला को तीन हजार और हर SC केटेगरी की महिला को 4500 रुपए मिलेंगे।"
केजरीवाल ने बताया कि एक परिवार में अगर एक से अधिक महिला हैं तो हर महिला को ये सम्मान राशि मिलेगी। पूरी दुनिया का ये सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम है।
योजना की खास बातें:
'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई एक प्रमुख महिला सशक्तिकरण और वित्तीय सहायता योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है।
18 वर्ष और उससे अधिक उम्र की सभी पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। सामान्य वर्ग (General) की महिलाओं को 1 हजार रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। सरकार की ओर से 1 जुलाई को तीन महीने की किस्त एक साथ जारी की जा रही है। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाएगी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 22 June 2026 at 12:39 IST