Punjab: कांग्रेस में नहीं थम रहा घमासान, पटियाला के बाद अब संगरूर में आपस में भिड़े कार्यकर्ता;भूपेश बघेल मुर्दाबाद के लगे नारे-VIDEO

संगरूर में कांग्रेस की जिला इकाई के एक कार्यक्रम के दौरान को जमकर हंगामा देखने को मिला।कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कार्यकर्ताओं ने ‘भूपेश बघेल मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए।

 
Follow :

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और अंदरूनी कलह लगातार बढ़ती जा रही है। पटियाला के बाद अब संगरूर में भी पार्टी के कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल भी कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गए। कार्यक्रम के दौरान ‘भूपेश बघेल मुर्दाबाद’ के नारे लगाए गए। अब हंगामे का वीडियो भी सामने आ गया है।

संगरूर में कांग्रेस की जिला इकाई के एक कार्यक्रम के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। यह नारेबाजी कांग्रेस के पंजाब प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल की उपस्थिति में हुई।

चन्नी के समर्थकों ने की नारेबाजी

पटियाला में हुए हंगामे को लेकर जब भूपेश बघेल से सवाल किया गया थो उन्होंने कहा था,प्रदेश इकाई में किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं हो रही है। हंगामे के दौरान पार्टी के ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम में सांसद अमर सिंह, ब्रह्म मोहिंद्रा सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। जैसे ही वडिंग ने अपना भाषण शुरू किया, चन्नी के समर्थकों ने ‘चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद’, ‘चन्नी तेरी सोच ते पहरा देवांगे ठोक के’ और ‘चन्नी लाओ, पंजाब बचाओ’ जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया।

भूपेश बघेल की मौजूदगी में हंगामा

बघेल सहित वरिष्ठ नेता इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे, जबकि अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया। यह घटना कांग्रेस की प्रदेश इकाई के भीतर जारी गुटबाजी को उजागर करती है, हालांकि पार्टी नेतृत्व लगातार यह दावा करता रहा है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।

बता दें कि पार्टी में असंतोष की सुगबुगाहट तब शुरू हुई जब कांग्रेस ने वडिंग को पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया और जालंधर से सांसद चन्नी को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।

यह भी पढ़ें: 'एक लाख बार गर्दन कटाने के लिए तैयार', FIR को लेकर भड़के पप्पू यादव
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 1 August 2026 at 23:27 IST