'मैं प्रियंका गांधी...', हाथ में संविधान लेकर MP बनीं प्रियंका ने ली लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को हाथ में संविधान की प्रति लेकर लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली।
- भारत
- 2 min read
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज, 28 नवंबर को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली। इस खास मौके पर पूरा गांधी परिवार सदन में मौजूद रहा। प्रियंका ने हिंदी भाषा में शपथ ली। क्रीम कलर की साड़ी पहने प्रियंका गांधी संसद भवन पहुंचीं। सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद उन्होंने सांसद के रूप में शपथ ली।
प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए हाल में संपन्न उपचुनाव में सदन की सदस्य निर्वाचित हुई हैं। प्रियंका ने हिंदी भाषा में शपथ ली और इस दौरान उन्होंने संविधान की एक प्रति अपने हाथ में ले रखी थी। इस दौरान सदन में मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी मौजूद थे। इनके अलावा पति रॉबर्ट, उनके बेटे रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी संसद भवन में मौजूद थे।
हमारे लिए संविधान से ऊपर कुछ भी नहीं-प्रियंका गांधी
संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हमारी प्राथमिकता राष्ट्र से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाना होगी। हमारे लिए संविधान से ऊपर कुछ भी नहीं है और हम इसके लिए लड़ते रहेंगे। हम महिलाओं के लिए सदन में आवाज उठाएंगे।
रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी ली शपथ
महाराष्ट्र के नांदेड़ से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए कांग्रेस नेता रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी सदन की सदस्यता की शपथ ली। उन्होंने मराठी भाषा में शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
राहुल गांधी ने प्रियंका का अभिवादन किया स्वीकार
उन्होंने विपक्ष में अग्रिम पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया और सदन में नेता प्रतिपक्ष तथा उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर प्रियंका का अभिवादन स्वीकार किया। यह पहली बार है कि संसद में गांधी-नेहरू परिवार के तीन सदस्य होंगे। प्रियंका के भाई राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं तथा उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य हैं।
प्रियंका वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीती हैं। वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनी हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं और उसके बाद से पार्टी महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 28 November 2024 at 11:57 IST