अपडेटेड 14 November 2024 at 12:24 IST
प्रियंका गांधी ने वायनाड से लौटने पर कहा- दिल्ली में प्रवेश करना गैस चैंबर में प्रवेश करने जैसा था
प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरल के वायनाड में लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान होने के बाद दिल्ली लौटने पर कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में वापस आना ‘गैस चैंबर’ में प्रवेश करने जैसा था।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरल के वायनाड में लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान होने के बाद दिल्ली लौटने पर कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में वापस आना ‘गैस चैंबर’ में प्रवेश करने जैसा था। प्रियंका वायनाड संसदीय सीट से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने स्वच्छ हवा के लिए एक साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि दिल्ली का प्रदूषण हर साल बदतर होता जा रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘वायनाड से दिल्ली वापस आना एक गैस चैंबर में प्रवेश करने जैसा था। धुंध की चादर आकाश से देखने पर और भी हैरान कर देने वाली लगती है।’ उनके अनुसार, वायनाड में हवा साफ है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 35 है।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘दिल्ली का प्रदूषण हर साल बदतर होता जा रहा है। हमें मिलकर स्वच्छ हवा के लिए समाधान ढूंढना चाहिए। यह किसी एक पार्टी की बात नहीं है, यह सभी के लिए एक गंभीर मुद्दा है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं वाले लोगों के लिए सांस लेना ऐसी हवा में व्यावहारिक रूप से असंभव है। हमें इसके बारे में कुछ करना होगा।’ प्रियंका गांधी ने वायनाड से चुनावी शुरुआत की है, जिसके लिए बुधवार को मतदान हुआ।
वायनाड से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा अपनी चुनावी पारी का आगाज कर रही हैं। प्रियंका के भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव हुआ है। कुछ महीने पहले संपन्न लोकसभा चुनाव में राहुल ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली और वायनाड, दोनों सीट से जीत हासिल की थी और बाद में उन्होंने केरल की इस लोकसभा को छोड़ दिया था।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 14 November 2024 at 12:24 IST