अपडेटेड 3 December 2024 at 13:26 IST
राष्ट्रपति मुर्मू पांच दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगी ओडिशा, कई कार्यक्रमों में लेंगी भाग;जानें शेड्यूल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंचेंगी और इस दौरान वह पुरी में नौसेना दिवस समारोह सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
President Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंचेंगी और इस दौरान वह पुरी में नौसेना दिवस समारोह सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, द्रौपदी मुर्मू शाम पांच बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगी जिसके बाद उनका शहर में संथाली लेखक एवं शिक्षक पंडित रघुनाथ की प्रतिमा का अनावरण करने और भुवनेश्वर में संथाल पवित्र स्थल ‘आदिम ओवार जरपा जाहेर’ का दौरा करने का कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति मुर्मू जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी
राष्ट्रपति बुधवार सुबह नौ बजे पुरी के लिए रवाना होंगी और जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। बयान में कहा गया कि वह पुरी में गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में शामिल होंगी। मुर्मू दोपहर में पुरी स्थित राजभवन में भोजन करेंगी और फिर ब्लू फ्लैग बीच पर नौसेना दिवस समारोह में शामिल होंगी।
40वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति
वह बृहस्पतिवार सुबह पुरी से भुवनेश्वर लौटेंगी और सुबह करीब 11 बजे ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (ओयूएटी) के 40वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वह शाम करीब पांच बजे भुवनेश्वर स्थित एक न्यायिक परिसर का उद्घाटन करेंगी और शाम करीब साढ़े छह बजे राजभवन लौट आएंगी।
राष्ट्रपति भवन के मुताबिक, छह दिसंबर को मुर्मू अपने जन्म स्थान उपरबेड़ा गांव में छात्रों और निवासियों के साथ संवाद करेंगी। उसी दिन, वह रायरंगपुर में महिला महाविद्यालय में छात्राओं और शिक्षकों के साथ भी बातचीत करेंगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, सात दिसंबर को राष्ट्रपति बंगीरिपोषी-गोरुमाहिषानी, बुढ़ामारा-चाकुलिया और बदामपहाड़-केंदुझरगढ़ रेल लाइन, रायरंगपुर में एक आदिवासी अनुसंधान और विकास केंद्र, डांड़बोस हवाई अड्डा और उपमंडलीय अस्पताल का शिलान्यास करेंगी।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यातायात बल समेत 40 से अधिक पलटन तैनात की जाएंगी।
यह भी पढ़ें: LIVE UPDATES/ चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचे PM मोदी और अमित शाह, पांच दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 3 December 2024 at 13:26 IST