TMC Crisis: 15 जून को लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेंगे TMC के बागी सांसद, सुदीप बंद्योपाध्याय ने बताया पूरा एजेंडा

TMC Crisis: बंगाल चुनाव में पराजय के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) गहरे राजनीतिक संकट में घिर गई है। पार्टी के करीब 22 बागी सांसद सोमवार 15 जून को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर खुद को असली टीएमसी के रूप में मान्यता देने की मांग करेंगे।

 
Follow :
Sudip Bandyopadhyay Mamata Banerjee | Image: File Photo

TMC Political Crisis: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार के बाद पार्टी के भीतर छिड़ा आंतरिक विवाद अब एक बड़े सियासी संकट में बदल चुका है। TMC के बागी सांसद सोमवार यानी 15 जून को दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करने जा रहे हैं। 

इस मुलाकात के दौरान बागी सांसद स्पीकर को एक औपचारिक पत्र सौंपेंगे, जिसमें वे खुद को वास्तविक या "मूल तृणमूल कांग्रेस" संसदीय समूह के रूप में मान्यता देने की मांग करेंगे। 

लोकसभा स्पीकर से कब होगी मुलाकात? 

इस घटनाक्रम की जानकारी ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने दी। उन्होंने बागी सांसदों की संख्या न बताने के तर्ज पर कहा, “संख्या पर कुछ नहीं बोलेंगे लेकिन सोमवार (15 जून) को स्पीकर से मुलाकात जरूर करेंगे। इस दौरान उनके साथ TMC सांसद बापी हलदार भी मौजूद रहे।

बता दें, TMC सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने शनिवार को नई दिल्ली में बागी सांसद शताब्दी रॉय के साथ मिलकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से उनके आवास पर मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के बाद बंद्योपाध्याय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी गुप्त मुलाकात की थी।

TMC के वरिष्ठ नेताओं ने जताई नाराजगी  

सुदीप बंद्योपाध्याय के इस अप्रत्याशित कदम से TMC के अन्य वरिष्ठ नेता काफी हैरान और परेशान हैं। पार्टी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने अपनी गहरी नाराजगी और दुख जताते हुए कहा कि तीन-चार दिन पहले ही उनकी सुदीप बंद्योपाध्याय से बात हुई थी, तब उन्होंने कहा था कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं और जो भी करेंगे साथ मिलकर करेंगे। सौगत रॉय ने तंज कसते हुए कहा कि इसके बावजूद बंद्योपाध्याय सीधे भूपेंद्र यादव के घर चले गए। 

बागी गुट का दावा, संख्या हुई 22

वहीं दूसरी तरफ, TMC के बागी धड़े में शामिल सांसदों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बागी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने पहले ही दावा किया था कि इस गुट को 19 लोकसभा सदस्यों का समर्थन हासिल है, और सुदीप बंद्योपाध्याय के आने के बाद यह संख्या 20 हो जाएगी। 

जबकि, इस गुट की प्रमुख नेता काकोली घोष दस्तीदार ने अब एक नया और बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनके साथ जुड़ने वाले सांसदों की संख्या बढ़कर 22 हो चुकी है, क्योंकि दो और TMC सांसद बहुत जल्द इस गुट में शामिल होने वाले हैं। 

ये भी पढ़ें:  भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंचे TMC के बागी सांसद, काकोली घोष और सायोनी घोष मौजूद, क्या लेंगे बड़ा फैसला?
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 14 June 2026 at 17:48 IST