अपडेटेड 19 April 2025 at 22:37 IST
'SC देश में गृहयुद्ध के लिए जिम्मेदार', CJI संजीव खन्ना पर भड़के निशिकांत दुबे, कांग्रेस ने BJP सांसद को घेरा
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे वक्फ को लेकर SC पर जमकर भड़के। उन्होंने CJI संजीव खन्ना पर भी जोरदार निशाना साधा।
वक्फ कानून को लेकर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे जमकर भड़के। भाजपा सांसद ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया संजीव खन्ना पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है। सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमा से बाहर जा रहा है...अगर हर बात के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना है, तो संसद और विधानसभा का कोई मतलब नहीं है, इसे बंद कर देना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट का एक ही उद्देश्य है: 'मुझे चेहरा दिखाओ, मैं तुम्हें कानून दिखाऊंगा।"
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "आप अपॉइंटिंग अथॉरिटी को निर्देश कैसे दे सकते हैं? राष्ट्रपति भारत के मुख्य न्यायाधीश को नियुक्त करते हैं। संसद इस देश का कानून बनाती है। आपने नया कानून कैसे बनाया? किस कानून में लिखा है कि राष्ट्रपति को तीन महीने के भीतर फैसला करना है? इसका मतलब है कि आप इस देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं। जब संसद बैठेगी तो इस पर विस्तृत चर्चा होगी।"
'संसद को कानून बनाने का अधिकार है और SC को व्याख्या करने का'
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 377 था, जिसमें समलैंगिकता को बहुत बड़ा अपराध माना गया था। ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि इस दुनिया में केवल दो लिंग हैं, या तो पुरुष या महिला। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, बौद्ध हो, जैन हो या सिख हो, सभी मानते हैं कि समलैंगिकता एक अपराध है। एक सुबह, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम इस मामले को खत्म करते हैं। अनुच्छेद 141 कहता है कि हम जो कानून बनाते हैं, जो फैसले देते हैं, वे निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लागू होते हैं। अनुच्छेद 368 कहता है कि संसद को सभी कानून बनाने का अधिकार है और सुप्रीम कोर्ट को कानून की व्याख्या करने का अधिकार है।
'मुगलों के आने के बाद जो मस्जिद बनी उसकी कागज...'
SC पर भड़कते हुए भाजपा सांसद ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट राष्ट्रपति और राज्यपाल से पूछ रही है कि वे बताएं कि उन्हें विधेयकों के संबंध में क्या करना है। जब राम मंदिर या कृष्ण जन्मभूमि या ज्ञानवापी की बात आती है, तो आप (SC) कहते हैं हमें कागज दिखाओ। मुगलों के आने के बाद जो मस्जिद बनी है उनके लिए कह रहे हो कागज कहां से दिखाओगे?"
निशिकांत दुबे को कांग्रेस ने घेरा
वहीं निशिकांत दुबे के इस बयान पर एक के बाद एक कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई। भाजपा सांसद को घेरते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ इस तरह के बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। यह पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार के खिलाफ फैसला दिया है। यह हताशा समझ से परे है। इसके अलावा सलमान खुर्शीद ने कहा, "यदि कोई सांसद सुप्रीम कोर्ट या किसी भी कोर्ट पर सवाल उठाता है, तो यह बहुत दुख की बात है। हमारे कानूनी ढांचे में अंतिम शब्द सरकार का नहीं, सुप्रीम कोर्ट का होता है। अगर कोई इसे नहीं समझता, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।"
भाजपा सांसद पर तंज कसते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, "जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, तब एक हाई कोर्ट जज के फैसले के आधार पर उनसे इस्तीफा मांगा गया था। उस समय बीजेपी के लोग हाई कोर्ट जज का समर्थन करते थे। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ क्यों हैं?"
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 19 April 2025 at 22:37 IST