अपडेटेड 8 March 2025 at 08:09 IST
'अरविंद केजरीवाल गूंगे...', महिला समृद्धि योजना को लेकर AAP के आरोपों पर वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार, बताया कब से मिलेगी राशि
महिला समृद्धि योजना पर AAP के आरोपों पर पलटवार करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा दिल्ली की हर गरीब महिला को महिला समृद्धि योजना के तहत पैसा मिलेगा।
आज, 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की महिलाओं को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। दिल्ली की बीजेपी सरकार जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में महिला समृद्धि योजना योजना की शुरुआत कर सकती है। इस योजना तहत गरीबी रेखा से नीचे आनी वाली महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे। वहीं, योजना को लेकर BJP और AAP में जारी जुबानी जंग खत्म होने का नाम ले रहा है। अब योजना को लेकर AAP के आरापों पर वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार आया है।
भाजपा की महिला समृद्धि योजना पर AAP के बयान पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "हमसे एक दिन का हिसाब मांगने के बजाय आतिशी हमें जवाब दें कि पंजाब में 37 महीने हो गए सरकार बने हुए उन 37 महीनों के 1000 रुपए कहां हैं ये हमें बताए। वहां पर AAP की सरकार है आप उस पर क्यों नहीं बोलतीं। क्यों अरविंद केजरीवाल गूंगे बने हुए हैं और भगवंत मान इस पर क्यों नहीं बोलते हैं। पंजाब की बहनों को 1000 रुपए देने की घोषणा करने के बाद आप क्यों नहीं बोलते।
AAP के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार
वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा, हमारी सरकार को बने हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और सरकारें शहरी नक्सलवाद से नहीं चलती। सरकार नियम से चलती है, कानून से चलती है। हमारे मुख्यमंत्री, हमारे मंत्री काम को देख रहे हैं। भ्रष्टाचार की व्यवस्था को ठीक करने में, उन गड्ढों को भरने में समय लग रहा है, लेकिन फिर भी मैं कहता हूं कि दिल्ली की हर गरीब महिला को महिला समृद्धि योजना के तहत पैसा मिलेगा। ये भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता है और हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।
कैबिनेट की बैठक में मिल सकती है मंजूरी
बता दें कि महिला समृद्धि योजना की घोषणा शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में किए जाने की संभावना है। शनिवार को होने वाली दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में योजना को मंजूरी मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक के बाद जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस योजना की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 March 2025 at 08:09 IST