Waqf Bill: 'जीते तब पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे...', BJP सांसद के बयान पर बवाल, अमित शाह को संभालना पड़ा मोर्चा
BJP सांसद ने कहा कि जब नसीर हुसैन राज्यसभा के सांसद चुने गए, तब कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। उनके बयान पर बवाल मच गया।
Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान राज्यसभा में घमासान मच गया। सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसद एक दूसरे से भिड़ गए। कांग्रेस के सैयद नसीर हुसैन और BJP सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इस दौरान BJP सांसद के एक बयान पर बवाल खड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने कहा कि जब वो (नसीर हुसैन) राज्यसभा के सांसद चुने गए, तब कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे।
बीजेपी सांसद के इस बयान पर कांग्रेस बरस पड़ी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इन आरोपों से राज्यसभा की गरिमा गिरती है। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह को बीच में आकर मोर्चा संभालना पड़ा।
नसीर हुसैन पर नहीं लगाया आरोप- अमित शाह
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सदस्य ने नसीर हुसैन पर कोई आरोप नहीं लगाया। उन्होंने इतना कहा कि ये जीते तब पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। इनमें इन पर क्या आरोप है? नारे तो किसी और ने लगाए थे।
इसके बाद कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने उठते हुए कहा कि मेरा नाम लिया गया था। जब यह घटना घटी तो वहां कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, केवल एक पत्रकार था, मुझे नहीं पता कि वह कहां से आया था। केवल उसी ने यह सुना। किसी और ने यह नहीं सुना। मैंने अपनी सरकार से अनुरोध किया कि अगर कोई ऐसा करता है तो उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
क्यों हुई नसीर हुसैन और राधा मोहन के बीच नोकझोंक?
दरअसल, वक्फ बिल का विरोध करते हुए राज्यसभा में सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि ये विधेयक पूरी तरह से झूठ पर आधारित है। पिछले 6 महीनों में गलत सूचना अभियान चलाया गया है। BJP की फर्जी फैक्ट्री गलत सूचना फैलाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि किरेन रिजिजू ने JPC की बात। बहुत नेताओं ने JPC की बात की। पिछले 4 महीनों में वो एक नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वह अफवाहें फैला रहे हैं। आप पिछले 10 सालों से सत्ता में हैं, मुसलमानों को सशक्त बनाने के लिए क्या किया? ये संसद और देश को गुमराह कर रहे हैं। बीजेपी देश में ध्रुवीकरण कर रही है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि आप धर्म के आधार पर कानून ला रहे हैं। आप धर्म के आधार पर सिटिननशिप छीन नहीं रहे, लेकिन रोक रहे हैं। आज अगर हमारे देश में खोदना शुरू कर देंगे तो पता नहीं किसके नीचे क्या मिलेगा।
राज्यसभा में BJP सांसद ने नसीर हुसैन को जवाब देते हुए कहा कि जब ये कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद चुने गए, मैं कर्नाटक में था। कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए थे। BJP के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया तो उन्हें पकड़कर जेल भेज दिया गया। राधा मोहन की इतनी बात सुनने के बाद कांग्रेस के सांसद तिलमिला गए।
यह भी पढ़ें: Waqf Bill: वक्फ बिल का नाम होगा 'उम्मीद', राज्यसभा में किरेन रिजिजू का ऐलान, जानिए क्या है मतलब
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 April 2025 at 15:51 IST