अखिलेश के भाई प्रतीक यादव के निधन पर बीजेपी नेता शाहनवाज ने जताया दुख, बोले- इस दर्द की घड़ी में हम परिवार के साथ
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन पर BJP नेता शाहनवाज हुसैन ने शोक व्यक्त किया है, उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। सीएम योगी समेत कई नेताओं ने प्रतीक के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। पढ़ें पूरी खबर।
Prateek Yadav death: दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और यूपी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। 38 साल के प्रतीक को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने इस दुखद खबर पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘प्रतीक यादव के देहांत की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। उनका पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चलेगा। इस कठिन समय में हम परिवार के साथ खड़े हैं।’
अस्पताल का चौंकाने वाला बयान
प्रतीक यादव के निधन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ के सिविल अस्पताल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है। सिविल अस्पताल के प्रशासन के मुताबिक, प्रतीक को सुबह करीब 6 बजे उनका ड्राइवर और साला अमन बिष्ट अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित किया। अस्पताल ने इसे 'सस्पेक्टेड पॉइजनिंग' (जहर का संदेह) का मामला बताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमसी (KGMC) भेज दिया है।
निधन के समय कहां थीं पत्नी अपर्णा?
जब प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हुआ, तब उनकी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव लखनऊ में नहीं थीं। जानकारी के मुताबिक, वह असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गुवाहाटी गई थीं। खबर मिलते ही वह लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं।
क्या हो सकता है मृत्यु का कारण?
कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक प्रतीक लंबे समय से फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे और इलाज के लिए विदेश भी गए थे। मौत की असल वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर अपना रियल एस्टेट और 'द फिटनेस प्लानेट' नाम का जिम चलाते थे। हाल के दिनों में उनके और अपर्णा के बीच अनबन की खबरें भी आई थीं, हालांकि वे परिवार के साथ ही रह रहे थे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने अस्पताल पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया। प्रतीक अपने पीछे दो बेटियां और पत्नी अपर्णा यादव को छोड़ गए हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 13 May 2026 at 11:07 IST