'शिवपाल यादव और उनकी 'कंपनी' पूरे प्रदेश में घूमकर नौकरियों का दाम...', सपा पर बरसे ओपी राजभर, CM योगी के दावों को बताया सही
CM योगी के बयान का समर्थन करते हुए सुभाषपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री जो कह रहे हैं, वह शत-प्रतिशत सत्य है। सपा के शासनकाल में चाचा-भतीजा पूरे प्रदेश में घूमकर नौकरियों का दाम तय करते थे।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनके करीब पौने नौ साल के शासनकाल में सरकारी नौकरियां पूरी तरह से योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर दी गई हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और रोजगार के अवसर तक नहीं मिलते थे। जब कोई भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। अब उनके इस दावों को मंत्री ओपी राजभर ने सही बताया है।
मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभाषपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री जो कह रहे हैं, वह शत-प्रतिशत सत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में जब भी नौकरियों के लिए विज्ञापन निकलता था तो शिवपाल यादव और उनकी ‘कंपनी’ पूरी तरह सक्रिय हो जाती थी।
चाचा-भतीजा पूरे प्रदेश में वसूली करते थे-राजभर
ओपी राजभर ने आगे कहा, चाचा-भतीजा पूरे प्रदेश में घूमकर नौकरियों का दाम तय करते थे। पैसों के दम पर अयोग्य लोगों को नौकरी दे दी जाती थी, जबकि योग्य युवा बाहर रह जाते थे। योगी आदित्यनाथ की सरकार में 10 लाख से भी अधिक लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। आज तक कोई भी व्यक्ति यह नहीं कह सकता कि उनसे नौकरी के लिए पैसा लिया गया हो।
प्रदेश में नौकरियों को लेकर सीएम योगी का दावा
सीएम योगी ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। 50 से 55 हजार युवाओं की संख्या से दोगुने युवाओं को इसी 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास है। शिक्षा विभाग और विभिन्न आयोगों के माध्यम से भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 16 November 2026 at 13:12 IST