'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे, सुनाई बनटांग्या समुदाय की 'वो' कहानी; बोले- 25 करोड़ प्रदेशवासी मेरा परिवार...
सीएम योगी ने कहा कि 'पाती' के माध्यम से उनका प्रयास जनता से सीधे उन मुद्दों पर संवाद करना रहा है, जो आम लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और 'नए उत्तर प्रदेश' के भविष्य से जुड़े हैं।
- भारत
- 4 min read

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे होने पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। वे 'योगी की पाती' में अपने विचार, भावनाएं और सरकार की प्राथमिकता साझा करते हैं। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को अपना परिवार बताया।
सीएम योगी ने कहा कि 'योगी की पाती' अपने परिवार (यूपी के लोग) के सुख-दुख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का तरीका है। सीएम योगी ने इसे अपने परिवार के साथ संवाद का अवसर कहा। इस दौरान उन्होंने बताया कि कईयों के मन में यह सवाल उठता होगा कि आखिर मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? असल में इसका कारण उनके वनटांगिया गांव के दौरे से जुड़ा है।
CM योगी ने साझा किया पुराना अनुभव
सीएम योगी ने अपने एक अनुभव को साझा करते हुए कहा, ‘अपनी शासकीय व्यस्तता के कार्यक्रमों के दौरान मैं अकसर इस बात को मानता था कि उन पहलुओं को लेकर जो अनछुए हैं, सामान्य नागरिकों के साथ संवाद कैसे बढ़ाया जा सकता है? इसे लेकर मैं अकसर सोचता था क्योंकि सार्वजनिक जीवन के ऐसे बहुत से प्रकरण हमारे सामने आए हैं। सार्वजनिक जीवन में मुझे 28-29 साल बीत चुके हैं और इसमें मैंने अनुभव किया कि बहुत सारे ऐसे पहलू हैं जो पहले लोगों के दिलों-दिमाग में नहीं होते थे। आप में से बहुत कम लोग होंगे जिन्होंने बनटांग्या समुदाय का नाम सुना होगा लेकिन ये हमारे ही बीच में से एक थे।’
उन्होंने बताया, '120 वर्ष पहले जब रेलवे लाइन बिछाने के लिए ब्रिटिश हुकूमत ने व्यापक पैमाने पर वनों का कटान किया था। ऐसे में वहां वापस वन लगाने के लिए जिन लोगों को वहां बसाया था इस शर्त के साथ कि आप वनों को लगाएंगे और उनकी रक्षा करेंगे, बदले में भूमि आपको देकर आपका भरण-पोषण किया जाएगा। लेकिन जैसे-जैसे वो पेड़ बड़े होते गए, वे सभी नागरिक उपेक्षित होते गए। स्वतंत्र भारत ब्रिटिश हुकूमत ने उनकी उपेक्षा की। उन्हें प्रताड़ित किया और संघर्षों का दौर शुरू हुआ। देश 1947 में स्वतंत्र हुआ लेकिन उन लोगों को स्वाधीनता नहीं मिली। वे लोग उसी प्रकार के खानाबदोश की तरह वहां रह रहे थे, उन्हें कोई पक्की ईंट रखने की इजाजत नहीं थी। उनके यहां बिजली-पानी नहीं था। राशन कार्ड नहीं था। उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं थी, यहां तक की वे अपने प्रधान का चुनाव भी नहीं कर सकते थे।'
Advertisement
पुलिसकर्मियों ने बनटांग्या का शोषण किया- सीएम
सीएम योगी बताते हैं कि बनटांग्या समुदाय के लोग सामूहिक रूप से भी नहीं रह सकते थे। फिर जब कोई एक बड़ा समाज इस प्रकार से उपेक्षित रहता है तो उनके बीच में विकृतियां आनी शुरू हो जाती हैं। फिर समाज उनसे दूरी बनाता है। वन विभाग और पुलिसकर्मियों ने उनका शोषण शुरू किया। उन्हें शराब बनाने को प्रेरित किया। आज मुझे खुशी हो रही है कि जिन 54 बस्तियों से जुड़े यह हजारों परिवार बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे आज वे सभी सरकार की सुविधाओं से संपन्न हुए हैं और उन सभी को नागरिकता मिली है। मैंने 'योगी की पाती' में भी उसे जगह दी है।
सीएम योगी के में किन मुद्दों का जिक्र?
योगी की पाती के पीछे का मकसद बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचने, उन मुद्दों को सामने लाने के लिए शुरू किया गया है जिन पर ध्यान नहीं दिया गया है और एक विकसित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तर प्रदेश का विजन शेयर करने के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि 'योगी की पाती' में इस बात का उल्लेख है कि वनटांगिया समुदाय की तरह ही कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों तक सरकारी योजनाएं कैसे पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि जब हमने योगी की पाती के जरिए लोगों तक पहुंचना शुरू किया, तो मकसद यही था कि समाज के हर तबके से जुड़ना, अनसुलझे मुद्दों पर बात करना, एक विकसित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तर प्रदेश का विजन शेयर करना, और राज्य के 25 करोड़ लोगों के साथ सीधा, दिल से जुड़ा रिश्ता बनाना।
Advertisement
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 'पाती' के माध्यम से उनका प्रयास जनता से सीधे उन मुद्दों पर संवाद करना रहा है, जो आम लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और 'नए उत्तर प्रदेश' के भविष्य से जुड़े हैं। उनके मुताबिक, इस संवाद का मुख्य उद्देश्य समाज में सुख-दुख की साझेदारी, आपसी विश्वास और जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करना है।