'अखिलेश भाई! AC और PC से ही चुनाव लड़ेंगे? जमीन पर आइए महाराज, दो-दो हाथ हो जाए, एकतरफा चुनाव में...', ओपी राजभर का सपा सुप्रीमो पर तंज
योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि AC से निकलकर PC करने से सत्ता नहीं मिलेगी, सत्ता के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा हाई है। सभी दलों ने अभी से कमर कस ली है तो आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने चुनावी जमीन पर आकर अखिलेश को दो दो हाथ करने की खुली चुनौती दी है।
ओपी राजभर ने अपने X पोस्ट में लिखा है, अखिलेश भाई, कब तक ये हवाबाजी चलती रहेगी। एसी और पीसी से ही चुनाव लड़ लेंगे? एसी कमरे में बैठ कर पीसी करके चुनाव लड़ेंगे? जमीन पर आइये महाराज। आइये दो दो हाथ हो जाये। एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता है। आप सीधे जनता का सामना करने में क्यों घबरा रहे हैं? पुराने पाप याद आ जाते हैं क्या?
राजभर ने सपा के कार्यकाल पर उठाए सवाल
आपको पता है कि अपने कार्यकाल से आपके कार्यकर्ताओं के घर की महिलाओं को भी डर लगता है। यकीन ना हो तो किसी कार्यकर्ता के घर की महिला से बात कर लीजिएगा। दंगा, अपराध, भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, महिलाओं के खिलाफ अपराध के ऐसे अनेक उदाहरण हैं कि जिन्हें याद करके रूह कांप जाती है, लगता है कि 2012-2017 के बीच उत्तर प्रदेश में सरकार थी ही नहीं।
PC करने से सत्ता नहीं मिलेगी-राजभर
ट्विटर, एसी, पीसी करते रहिए भाई। जमीन पर आपको लेकर बहुत खराब माहौल है। आपके स्वजातीय और धर्म विशेष के कुछ उत्पाती लोगों को छोड़ दें तो कोई आपके साथ है नहीं। 10 साल हो गए लेकिन लोग आपके विनाशकारी कार्यकाल को भूले नहीं हैं। घर में रहिए, सुरक्षित रहिए।
राजभर ने रिपब्लिक भारत से की खास बातचीत
वहीं, रिपब्लिक भारत से खास बातचीत में योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी बातों को दोहराते हुए कहा. 'मैं रोज सुबह अखिलेश को याद दिलाता हूं, कि उनको उठना है और तैयार होकर AC से निकलकर पीसी करना है, ओमप्रकाश ने कहा कि पीसी करने से सत्ता नहीं मिलेगी, सत्ता के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है, अखिलेश यादव को अपने पिता के बारे में पढ़ना चाहिए, इनके पार्टी के दर्जन भर नेट ब्राह्मणों को गाली देते हैं, अपशब्द कहते हैं और यह पी से पंडित कह रहे हैं, यह गुमराह हैं'।
अगले जन्म में भी अखिलेश को सत्ता नहीं मिलेगी-राजभर
राजभर ने आगे कहा, ‘जाट समाज का भी यह अपमान कर रहे हैं, 2027 में ही नहीं अगले जन्म में भी सत्ता इनको नहीं मिलेगी। वहीं, भ्रष्टाचार के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जेपी NIC, 200 करोड़ की बिल्डिंग को 800 करोड़ से ज्यादा खर्च कर दिए, फिर भी नहीं बना पाए, उसमें घर भर सदस्य हैं, इससे बड़ा भ्रष्टाचार क्या हो सकता है।’
'अखिलेश के शासन काल में आगरा एक्सप्रेसवे में लूट हुई, एक साइकिल चोर दूसरे को भी चोर साबित करने में लगा रहता है। सपा-भाजपा में डिजिटल वार को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव सत्ता के लिए पागल हुए हैं, उनको लगता है कि कुछ ऐसा बोल दूं जिससे सत्ता उनको मिल जाए, तो सत्ता ऐसे नहीं मिलती है।'
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 1 September 2026 at 14:59 IST