Atishi vs Saini: आतिशी के चैलेंज के बाद CM सैनी ने पीया यमुना का पानी, कहा- AAP के लोगों के दिमाग में जहर
आतिशी ने हरियाणा के CM सैनी को उनके साथ पल्ला घाट चलकर यमुना का पानी पीने को कहा था। उन्होंने इस चैलेंज को तो पूरा किया, लेकिन वह अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे।
Atishi vs Nayab Singh Saini: दिल्ली चुनाव के बीच अरविंद केजरीवाल के यमुना के पानी में 'जहर' वाले बयान पर सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। BJP और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं। इस बीच मैदान में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी उतर आए हैं। पूरे मामले को लेकर दिल्ली की CM आतिशी और नायब सिंह सैनी आमने-सामने आ गए।
आतिशी ने हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी को उनके साथ पल्ला घाट चलकर यमुना का पानी पीने को कहा था। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इस चैलेंज को तो पूरा किया, लेकिन वह अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे।
CM सैनी ने पीया यमुना का पानी
बुधवार (29 जनवरी) को CM नायब सिंह ने पल्ला घाट पहुंचकर यहां यमुना नदी के पानी से कुल्ला किया और कुछ घूंट पिए भी, जिसका वीडियो सामने आया है।
नायब सिंह सैनी ने आतिशी के पोस्ट पर जवाब भी दिया। उन्होंने लिखा, "आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है,लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।"
आतिशी ने दिया था साथ चलने का चैलेंज
बता दें कि इससे पहले दिल्ली की CM आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘नायब सैनी जी मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा अनुरोध है कि आप और मैं साथ चलें, और मीडिया के साथियों को भी साथ ले जाएं। हम सबके सामने अमोनिया की मात्रा नापेंगे। सभी को पता होना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली के लोगों को जहरीला पानी भेज रहा है।’’
CM आतिशी और AAP पर बरसे नायब सिंह सैनी
नदी घाट का दौरा करने के बाद CM सैनी ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में AAP पर फिर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, ‘‘बिना किसी झिझक के मैंने हरियाणा की सीमा पर पवित्र यमुना का जल पीया। आतिशी जी नहीं आईं। वह कोई नया झूठ तैयार कर रही होंगी। झूठ के पैर नहीं होते। इसीलिए आप-दा का झूठ काम नहीं कर रहा है।’’
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की भगवान समान जनता ने धोखेबाजों को पहचान लिया है और दावा किया कि पांच फरवरी को मतदान के दिन AAP के ‘‘धोखे के युग’’ का अंत निश्चित है।
वहीं, CM नायब सिंह सैनी ने यमुना घाट पर पत्रकारों से कहा कि केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और उन पर लोगों में डर पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बयान दिया और कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने जहर घोल दिया है...केजरीवाल ने सामूहिक नरसंहार की बात की। वह क्या साबित करना चाहते हैं? जल संसाधन प्राधिकरण ने मंगलवार को यहां से नमूने एकत्र किए... इसमें कोई जहरीला पदार्थ नहीं है। मैंने भी पानी पीया। यहां से दिल्ली जाने वाला पानी साफ है।’’
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 January 2025 at 23:14 IST