राहुल गांधी की यात्रा से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, मिलिंद देवरा ने दिया पार्टी से इस्तीफा
कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा ने पार्टी को बहुत बड़ा झटका दे दिया है। देवरा ने रविवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया।
- भारत
- 3 min read
Milind Deora Resigns: कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा ने पार्टी को बहुत बड़ा झटका दे दिया है। आज से राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन इसके पहले ही मिलिंद देवरा ने पार्टी से इस्तीफा देकर बड़ा झटका दिया है। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी और शिपिंग राज्य मंत्री रह चुके मिलिंद देवरा ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पार्टी छोड़ने की घोषणा की।
मिलिंद देवरा ने रविवार की सुबह सोशल मीडिया साइट 'X' पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। देवरा ने पोस्ट में लिखा, 'आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं सालों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।'
मिलिंद ने नहीं बताई कांग्रेस छोड़ने की वजह
कांग्रेस से 55 साल पुराना मिलिंद देवरा ने भले तोड़ दिया है, लेकिन उन्होंने पार्टी से इस्तीफे की वजह नहीं बताई है। हालांकि माना जा रहा है कि INDI गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर पक रही खिचड़ी मिलिंद देवरा के कांग्रेस छोड़ने की वजह हो सकती है। ऐसा इसलिए कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने आगामी लोकसभा चुनावों में मुंबई दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से लड़ने का दावा किया था, जबकि इस सीट का प्रतिनिधित्व 2014 से पहले देवरा करते थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुरली देवरा के बेटे मिलिंद ने 2004 और 2009 में मुंबई दक्षिण सीट पर जीत दर्ज की थी। उद्धव गुट के दावे के बाद मिलिंद ने जवाब भी दिया था और कहा था कि चूंकि सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए किसी को भी दावे नहीं करने चाहिए।
शिंदे गुट में जाने की अटकलों को किया था खारिज
इस बीच मिलिंद देवरा के कांग्रेस छोड़कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की चर्चाएं भी होने लगी थीं। हालांकि पिछले दिन शनिवार को देवरा ने अटकलों को अफवाह बताया। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपने समर्थकों के साथ कोई योजना बना रहे हैं, मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से पूर्व सांसद ने कहा, 'मैं अपने समर्थकों की बात सुन रहा हूं, अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।'
राहुल गांधी आज से शुरू करेंगे भारत यात्रा
फिलहाल मिलिंद का इस्तीफा कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ा झटका जरूर है। वो भी ऐसे वक्त में जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज से शुरू कर रहे हैं। राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर की राजधानी इंफाल के नजदीक निकट थोबल से निकालेंगे, जो मार्च के तीसरे हफ्ते में मुंबई में समाप्त होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 14 January 2024 at 08:49 IST