राकेश कुमार भदौरिया और वाराप्रसाद राव BJP में हुए शामिल, वायुसेना के प्रमुख रह चुके हैं भदौरिया
भारतीय वायु सेना के पूर्व प्रमुख राकेश कुमार भदौरिया और YSR के वाराप्रसाद राव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
- भारत
- 3 min read
भारतीय वायु सेना के पूर्व प्रमुख राकेश कुमार भदौरिया और तिरुपति के पूर्व सांसद वाराप्रसाद राव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े की उपस्थिति में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने भारतीय वायु सेना में भदौरिया की लंबी सेवा की सराहना की और विश्वास जताया कि वह रक्षा बलों में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद अब राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि भदौरिया ने भारतीय वायुसेना में लगभग 40 साल सेवा दी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम में योगदान दिया। भदौरिया उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य की कई सीट पर अपने उम्मीदवारों की अभी तक घोषणा नहीं की है।
कौन हैं भारतीय वायुसेना के पूर्व चीफ?
IAF के पूर्व मार्शल चीफ भदौरिया भारतीय वायुसेना के 26वें प्रमुख थे। तत्कालीन एयर चीफ मार्शल भदौरिया को जून 1980 में भारतीय वायु सेना की लड़ाकू शाखा में शामिल किया गया था और वह कई पदों पर रहे। भदौरिया की गिनती वायु सेना के उन चुनिंदा पायलटों में होती है जिन्होंने राफेल विमान उड़ाया है। भारत और फ्रांस की वायु सेनाओं के बीच गरुड़ अभ्यास के दौरान भदौरिया ने राफेल विमान उड़ाया था।
भाजपा में शामिल होने के बाद राकेश कुमार भदौरिया ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अद्भुत नेतृत्व' और 'अद्वितीय दूरदर्शिता' से प्रभावित हूं। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प लिया है और इस दिशा में वह लगातार प्रयास कर रहे हैं तथा कदम भी उठा रहे हैं।”
2021 में रिटायर हुए थे भदौरिया
उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले भदौरिया ने कहा कि उनकी नई पारी ने उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान करने का मौका दिया है। 2021 में रिटायर होने के बाद, उन्होंने अपनी सेवा के आखिरी 8 से 10 सालों को गोल्डन पीरियड करार दिया, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की भी प्रशंसा की और पीएम मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में उठाए गए कदमों से देश को मजबूत बनकर उभरने में मदद मिलेगी।
कौन हैं वाराप्रसाद राव?
वाराप्रसाद राव ने 2014 में वाईएसआर कांग्रेस के टिकट पर आंध्र प्रदेश के तिरुपति से 16 वीं लोकसभा का चुनाव जीता था। वह तमिलनाडु कैडर के 1983 बैच के एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थे। सिविल सेवाओं में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने तमिलनाडु सरकार, चेन्नई के प्रधान सचिव सहित कई शीर्ष पदों पर कार्य किया।
साल 2009 में उन्होंने राजनीति में प्रवेश करने के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। पूर्व आईएएस अधिकारी राव ने कहा कि उन्होंने मोदी को सर्वाधिक सक्रिय नेता के रूप में देखा है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए उनकी सरकार की सराहना भी की।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 24 March 2024 at 12:34 IST