अपडेटेड 13 April 2025 at 12:11 IST
गुजरात चुनावों में देर, मगर बनने लगा माहौल; बीजेपी को गुजरात मॉडल पर घेरने आए अखिलेश यादव तो केजरीवाल भी साथ कूद पड़े
अखिलेश यादव ने आरोप लगाए हैं कि गुजरात मॉडल ही फेल हो गया। गुजरात में 157 स्कूलों में 10वीं की बोर्ड परीक्षा में एक भी छात्र पास नहीं हुआ।
Akhilesh Yadav-Arvind Kejriwal: गुजरात के विधानसभा चुनावों में अभी देर है, लेकिन विपक्ष अभी से माहौल बनाने लगा है। पिछले दिनों कांग्रेस ने अहमदाबाद आकर पार्टी का अधिवेशन आयोजित किया। अब विपक्ष ने बीजेपी के गुजरात मॉडल को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गुजरात मॉडल पर सवाल उठाए हैं तो आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी यहां कूद पड़े हैं।
अखिलेश यादव ने एक रिपोर्ट को आधार बनाते हुए गुजरात मॉडल पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव 'X' पर लिखते हैं- 'गुजरात मॉडल ही फेल हो गया। गुजरात में 157 स्कूलों में 10वीं की बोर्ड परीक्षा में एक भी छात्र पास नहीं हुआ।' इसी बीच अखिलेश गुजरात के लिए अभी से नारा दे दिया है और कहा- 'भाजपा हटाएंगे, भविष्य बचाएंगे'।
अखिलेश यादव के समर्थन में केजरीवाल कूदे
अखिलेश यादव के पोस्ट पर अरविंद केजरीवाल समर्थन करने आ गए। केजरीवाल ने रविवार सुबह बीजेपी पर निशाना साधते हुए केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी पर शिक्षा को बर्बाद करने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल लिखते हैं- 'ये गुजरात मॉडल है। ये बीजेपी मॉडल है जो ये पूरे देश में लागू करना चाहते हैं। ये डबल इंजन मॉडल है। पूरे देश को ये अनपढ़ रखना चाहते हैं। आप मुझे एक राज्य बता दीजिए जहां इनकी सरकार हो और इन्होंने वहां शिक्षा का कबाड़ा ना किया हो। इसी मॉडल के तहत अब ये दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को भी ध्वस्त करने में लगे हैं।'
64 साल बाद गुजरात में कांग्रेस का अधिवेशन
2027 में गुजरात में विधानसभा चुनाव हैं। यहां दशकों से कांग्रेस को सत्ता में आने का मौका नहीं मिला है। मसलन कांग्रेस ने लगभग दो साल पहले ही अहमदाबाद में अधिवेशन रखकर माहौल तैयार किया। दिलचस्प ये है कि 64 साल के बाद कांग्रेस का गुजरात में अधिवेशन हुआ। गुजरात में AICC का आखिरी अधिवेशन 1961 में भावनगर में हुआ था, जब जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे और नीलम संजीव रेड्डी पार्टी अध्यक्ष थे। कांग्रेस ने हालिया अधिवेशन में एक विशेष प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की दिशा तय की गई।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 13 April 2025 at 12:11 IST