अपडेटेड 29 October 2024 at 08:34 IST
'वोट बैंक के लिए...' जयपुर में पाकिस्तानी महिला के मिलने पर MLA बालमुकुंद ने कांग्रेस पर फोड़ा ठीकरा
जयपुर में मिली पाकिस्तानी महिला पर भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ते हुए कहा कि उनके शासन में वोट बैंक के लिए पनाह दी गई।
Balmukund Acharya On Pak Women in Jaipur : राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक पाकिस्तानी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने भारत में रहने के लिए कथित रूप से जाली दस्तावेज के जरिये आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाया। अब इस पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक बालमुकुंद आचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसका ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि उनके शासन में वोट बैंक के लिए अनैतिक तरीके से लोगों को पनाह दी गई।
जयपुर में मिली पाकिस्तानी महिला पर भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य कहते हैं कि वह कांग्रेस के शासन काल से इस विषय को उठा रहे हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठिए यहां छिपे बैठे हैं। अब हमारी सरकार में इन्हें पकड़ा जा रहा है।
'कांग्रेस ने अनैतिक तरीके से पनाह दी, हमारी सरकार में…'
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'जब यहां कांग्रेस का शासन था तब से मैं इस विषय को लगातार उठाता रहा हूं कि यहां बांग्लादेश और पाकिस्तान के घुसपैठिए छुपे बैठे हैं। कांग्रेस के शासन में उन्होंने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए अनैतिक तरीके से लोगों को पनाह दी। हमारी सरकार में लगातार ऐसे घुसपैठियों को पकड़ा जा रहा है। ऐसे लोगों को जल्द से जल्द पकड़ कर निष्कासित करने की जरूरत है।'
40 साल से भारत में रही पाकिस्तानी महिला
पुलिस के मुताबिक, कथित रूप से जाली दस्तावेज के जरिये आधार और पैन कार्ड बनवाकर एक पाकिस्तानी महिला लगभग 40 साल से भारत में रह रही है। आरोपी शाजिया रियाज 1985 में भारत आई थी। इसके बाद उसने एक भारतीय से शादी कर ली। उसके चार बच्चे हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर हुई जांच
बताया जा रहा है कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच की गई तब मामले का खुलासा हुआ। इनपुट मिलने के बाद आरोपी महिला के दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि उसने जाली दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान पत्र बनाए थे।
महिला ने जाली तरीके से बनवाए दस्तावेज- पुलिस
वहीं मामले में जयसिंहपुरा खोर के थानाधिकारी राजेश मीणा ने कहा, 'खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच की गई और पाया गया कि महिला ने जाली तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाए थे। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।'
पुलिस कर रही जांच
थानाधिकारी ने आगे कहा कि महिला 1985 से अपने परिवार के साथ रह रही है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि उसने पहचान पत्र कैसे बनवाए? इसके बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बाल-बाल बची जिंदगियां, स्पीड ब्रेकर से अचानक हवा में उछली गाड़ियां... रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 29 October 2024 at 08:32 IST