रक्षा मंत्री के हेलीकॉप्टर का ईंधन हुआ खत्म, सड़क वाले रास्ते से यूपी के लिए होना पड़ा रवाना
राजनाथ सिंह शनिवार को झारखंड के गढ़वा से सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए क्योंकि बंशीधर नगर में उनके हेलीकॉप्टर में ईंधन नहीं भरा जा सका।
- भारत
- 1 min read
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को झारखंड के गढ़वा से सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए क्योंकि बंशीधर नगर में उनके हेलीकॉप्टर में ईंधन नहीं भरा जा सका। झारखंड के पुलिस महानिदेशक ने यह जानकारी दी।
सिंह ने बंशीधर नगर में एक रैली को संबोधित किया। झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा, ‘‘वह (सिंह) गढ़वा से सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए क्योंकि उनके हेलिकॉप्टर में ईंधन नहीं भरा जा सका था।’’
वाराणसी जाने का किया फैसला
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक दीपक पांडे ने बताया कि हेलीकॉप्टर के लिए ईंधन ला रहा वाहन नहीं पहुंचने के कारण सिंह ने सड़क मार्ग से वाराणसी जाने का फैसला किया। वाराणसी और गढ़वा के बीच की दूरी करीब 200 किलोमीटर है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बताया कि रांची से ईंधन लेकर आ रहा वाहन किसी समस्या के कारण गढ़वा नहीं पहुंच सका। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री ने वाराणसी रवाना होने से पहले करीब एक घंटे तक इंतजार किया। इससे पहले सिंह ने झारखंड में दो रैलियों - चतरा के इटखोरी में और गढ़वा के बंशीधर नगर में - को संबोधित किया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 21 September 2024 at 22:32 IST