अपडेटेड 10 September 2024 at 21:15 IST
सुशील शिंदे के बयान पर बवाल, अनुराग ठाकुर बोले- तब आतंकवाद का बोलबाला था, 45 हजार जानें जा चुकीं थी
सुशील कुमार शिंदे के बयान से कांग्रेस आर्टिकल 370 के मुद्दे पर बैकफुट पर आ गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 'इससे पता चलता है कि कांग्रेस सरकार में कैसे हालात थे।
Sushil Kumar Shinde: कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार में गृह मंत्री रहे सुशील कुमार शिंदे ने जम्मू-कश्मीर पर दिए बयान से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनकी किताब 'फाइव डिकेड्स इन पॉलिटिक्स' के लॉन्चिंग के मौके पर उन्होंने कहा था कि गृह मंत्री रहते हुए भी उस दौर में जम्मू-कश्मीर जाने से डर लगता था। जिसके बाद बीजेपी नेता लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं। अब बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर का बयान सामने आया है।
सुशील कुमार शिंदे के बयान के बाद कांग्रेस आर्टिकल 370 और 35A के मुद्दे पर बैकफुट पर आ गई है। अनुराग ठाकुर ने शिंदे के बयान पर कहा कि 'इससे पता चलता है कि कांग्रेस की सरकार के समय जम्मू-कश्मीर के हालात कैसे थे। आतंकवाद, अलगाववाद और पत्थरबाजों का बोलबाला था। 45 हजार लोगों की जानें जा चुकी थी। लाल चौक जैसे क्षेत्र में उस समय देश के गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे जाने से डरते थे, घबराते थे, तो समझ लीजिए क्या हाल होगा।'
'आपके समय बम के गोले चलते थे'
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ‘कांग्रेस आफत लाती थी, हम राहत लाते हैं। आज लालचौक पर देश का कोई भी व्यक्ति जा सकता है। तिरंगा झंडा फहराता है, वहां पर विकास हुआ है, ये ही फर्क है। कांग्रेस आतंकवाद, अलगाववाद और पत्थरबाजी का समर्थन नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ मिलकर करती है। हम आज भी आतंकवादियों को जड़ से कुचलने की बात करते हैं। अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बर्फ के गोले से यहां खेल रहे थे, क्योंकि अब शांति है। आपके समय बम के गोले चलते थे, ये ही फर्क है।’
सुशील कुमार शिंदे ने क्या कहा था?
पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सुशील कुमार शिंदे का ये बड़ा कबूलनामा कांग्रेस के लिए मुश्किल बन सकता है। जब कांग्रेस नेता कश्मीर जाने का एक किस्सा सुनाया रहे थे, तो पूरा हॉल ठहाके मारकर हंस रहा था। उन्होंने कहा- 'जब मैं होम मिनिस्टर था, उसके पहले मैं विजय धर के पास जाता था और उनसे सलाह भी लेता था, तो उन्होंने मुझे ऐसी सलाह दी कि सुशील तू इधर-उधर मत भटक… तू लाल चौक में जाकर वहां भाषण दे। कुछ लोगों से मिल और डल झील में घूमते चलो… उस सलाह से मुझे बहुत पब्लिसिटी मिली और लोगों में संदेश गया एक ऐसा होम मिनिस्टर है, जो बिना डर के जाता है, लेकिन मेरी फ$% (आपत्तिजनक शब्द) रही थी।' खास बात ये है कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दिग्विजय सिंह जैसे कई दिग्गज नेता शामिल थे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 10 September 2024 at 21:15 IST