अपडेटेड 15 February 2025 at 22:45 IST
Mahakumbh: राहुल-प्रियंका के महाकुंभ में डुबकी से पहले विवाद, महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि बोले-कुंभ के माध्यम से वोट...
महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि ने राहुल और प्रियंका गांधी के महाकुंभ में स्नान के लिए आने के प्रोग्राम पर तंज कसा है।
प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ के स्नान से कांग्रेस ने अभी तक किनारा किया हुआ था। अब तक अछूती रही है। हालांकि जैसे-जैसे महाकुंभ के खत्म होने की तिथिया नजदीक आ रही हैं वैसे ही कांग्रेस के नेताओं का कुंभ के प्रति आकर्षण बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। बीते 3-4 दिनों में जहां कांग्रेस के डीके शिवकुमार, दिग्विजय सिंह और सचिन पायलट जैसे दिग्गज महाकुंभ में स्नान करते हुए दिखाई दिए तो वहीं अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी कुंभ जाने की खबरें सुनाई देने लगीं। वहीं महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि ने भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कुंभ स्नान पर आश्चर्य जताते हुए तंज कसा है।
जैसे ही महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि को इस बात की जानकारी मिली कि प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ स्नान के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आ रहे हैं तो उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'अभी-अभी मुझे पता चला है कि कल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महाकुंभ में नहाने के लिए आ रहे हैं। उनके अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तो कहा कि कुंभ स्नान से पेट भरेगा क्या? तो उनके अध्यक्ष को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बारे में भी बताना चाहिए कि उनके यहां आने से उनका पेट भरेगा या उनका पाप धुलेगा क्या? ऐसे कई तरह के कमेंट कांग्रेस की ओर से आए हैं जैसे जो मंदिर जाते हैं वो लड़कियां छेड़ने के लिए जाते हैं तो अब उन्हें भी बताना चाहिए कि वो कुंभ किस लिए आ रहे हैं?'
कहीं चुनाव में सनातनी वोट बैंक के लिए तो...
महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि ने राहुल और प्रियंका गांधी के महाकुंभ में स्नान के लिए आने के प्रोग्राम पर तंज कसते हुए कहा, 'कहीं ऐसा तो नहीं कि जैसे उन्होंने चुनावों के समय में जनेऊ ऊपर धारण कर लिया था और रुद्राक्ष की माला पहन ली थी। तो ऐसा तो नहीं है कि वो कुंभ के माध्यम से वोट लेना चाहते हैं। अगर वो कुंभ स्नान के लिए आ रहे हैं तो हम उनका स्वागत करते हैं लेकिन तब जब वो आस्था के साथ आए। संगम में डुबकी लगाएं भगवान की आस्था करें भगवान शिव की आराधना करें।'
मल्लिकार्जुन खड़गे बताएं कि यहां पर पेट भरेगा या नहीं
महामंडलेश्वर प्रकाशानंद गिरि ने आगे कहा, 'अगर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी केवल वोट के लिए यहां आ रहे हैं तो यहां कुछ भी मिलने-जुलने वाला नहीं है। इसके अलावा वो अपनी पार्टी के अध्यक्ष की बातों की भी निंदा करें और उनके बयानों की काट करें क्योंकि उन्होंने बयान दिया था कि कुंभ में नहाने से पेट भरेगा क्या? तो अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ये भी बताना पड़ेगा कि अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के महाकुंभ स्नान करने से पेट भरेगा या नहीं ये भी बताएं?'
16 फरवरी को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगाएंगे संगम में डुबकी
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रस्तावित महाकुंभ दौरे को लेकर जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को राहुल गांधी प्रयागराज महाकुंभ जाकर त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगे। उनके साथ वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी भी रहेंगी। बताया जा रहा है कि संसद सत्र के अवकाश पर कार्यक्रम बनाया गया है। राहुल और प्रियंका के अलावा कई और कांग्रेस के पदाधिकारी महाकुंभ में स्नान करने के लिए जाएंगे।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 15 February 2025 at 22:45 IST