अपडेटेड 1 February 2025 at 14:26 IST

यमुना विवाद: मुख्यमंत्री सैनी बोले, केजरीवाल अपने गृह राज्य हरियाणा को बदनाम कर रहे

हरियाणी सीएम सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ‘‘झूठे’’ आरोप लगाकर अपने उस गृह राज्य हरियाणा को बदनाम किया है, जहां उन्होंने जन्म लिया।

Follow :  
×

Share


CM Nayab singh saini | Image: ANI

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने ‘‘झूठे’’ आरोप लगाकर अपने उस गृह राज्य हरियाणा को बदनाम किया है, जहां उन्होंने जन्म लिया।  केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर दिल्ली को आपूर्ति किए जा रहे यमुना के पानी को ‘‘जहरीला’’ बनाने का आरोप लगाया है।

तिमारपुर में भाजपा उम्मीदवार सूर्य प्रकाश खत्री के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि केजरीवाल यमुना नदी की सफाई के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल ने झूठे आरोप लगाकर अपने गृह राज्य हरियाणा को बदनाम किया है। वह दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए सस्ती राजनीति का सहारा ले रहे हैं।’’

हरियाणा के भिवानी के हैं केजरीवाल

केजरीवाल का जन्म हरियाणा के भिवानी जिले में हुआ था। इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री सैनी ने वजीराबाद में यमुना घाट का दौरा किया और हरियाणा तथा दिल्ली दोनों जगहों से पानी के नमूने पेश किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषित पानी यमुना में बहाया जा रहा है।   सैनी ने कहा, ‘‘हम यमुना के जरिए दिल्ली को स्वच्छ पानी की आपूर्ति करते हैं, लेकिन कुप्रबंधन के कारण दिल्ली सरकार इसे प्रदूषित कर रही है। जब यही पानी फरीदाबाद पहुंचता है, तो इसकी गुणवत्ता काफी खराब हो जाती है, जिससे कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।’’

‘केजरीवाल झूठ बोलने में PHD हासिल की है-CM सैनी

वहीं, मुख्यमंत्री सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल झूठ और दुष्प्रचार करने में ‘पीएचडी’ हैं, पर यमुना जी के मामले में यही दुष्प्रचार उनके गले पड़ गया है। सोनीपत के पास पल्ला गांव में मैंने यमुना जी के पानी से आचमन किया था लेकिन दिल्ली के वजीराबाद आते-आते यमुना जी का पानी बिल्कुल जहर में तब्दील हो जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के ज्यादातर ‘सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट’ खराब पड़े हैं। दिल्ली में सीवर का पानी सीधे यमुना नदी में गिर रहा है। केजरीवाल को मैं चुनौती देता हूं कि वह वजीराबाद में यमुना जी का पानी पीकर दिखाएं। दिल्ली से जो पानी हरियाणा के फरीदाबाद जा रहा है‌ वो तो बिल्कुल ही जहर है। हमें पता है कि उस पानी को साफ करने के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ती है।’’

यह भी पढ़ें: 'दिल्ली में AAP की हार के दिखने लगे रुझान',केजरीवाल पर BJP का पोस्टर वार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 1 February 2025 at 14:26 IST