'दिल्ली में AAP की हार के दिखने लगे रुझान', BJP का पोस्टर वार- जनता का मिजाज समझ 8 विधायकों ने केजरीवाल का साथ छोड़ा
Delhi Elections: बीजेपी की दिल्ली इकाई ने 'X' पर ये पोस्टर जारी किया। इसमें अरविंद केजरीवाल की फोटो लगाई गई है, जिनकी आंखों पर लाल पट्टी बंधी है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Delhi Assembly Elections: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने एक नया पोस्टर जारी करके अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी का नया पोस्टर आम आदमी पार्टी से एक साथ 8 विधायकों के इस्तीफे को लेकर है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव से लगभग हफ्ते भर पहले ही 8 वर्तमान विधायकों ने आम आम आदमी पार्टी छोड़ दी, जो अरविंद केजरीवाल के लिए भी बड़ा झटका है। फिलहाल भारतीय जनता पार्टी केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए विधायकों के इस्तीफों को दिल्ली का रुझान बता रही है।
बीजेपी की दिल्ली इकाई ने 'X' पर ये पोस्टर जारी किया। इसमें अरविंद केजरीवाल की फोटो लगाई गई है, जिनकी आंखों पर लाल पट्टी बंधी है। बीजेपी ने लिखा है- 'AAP-दा की हार के दिखने लगे रुझान। दिल्ली की जनता का देखकर मिजाज, AAP-दा के 8 विधायकों ने छोड़ा महाठग का साथ।' बीजेपी ने पोस्टर के साथ पोस्ट में लिखा- 'दिल्ली में तय है AAP-दा की हार, बीच मझधार साथ छोड़ रहे नाव के सवार।'
केजरीवाल को चुनाव से पहले लगा झटका
दिल्ली विधानसभा चुनाव से कुछ ही दिन पहले आम आदमी पार्टी के आठ विधायकों ने केजरीवाल को झटका दिया। सभी विधायकों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। आगामी चुनाव लड़ने के लिए टिकट न दिए जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया। विधायकों ने अपने इस्तीफे में पार्टी की स्थापना के मूल्यों और सिद्धांतों से काफी विचलन का हवाला दिया। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार मुक्त शासन और पारदर्शिता के अपने संस्थापक सिद्धांतों को त्यागने का आरोप लगाया।
इस्तीफा देने वाले विधायकों में महरौली से नरेश यादव, त्रिलोकपुरी से रोहित कुमार, कस्तूरबा नगर से मदन लाल, जनकपुरी से राजेश ऋषि, पालम से भावना गौड़, बिजवासन से भूपिंदर सिंह जून, आदर्श नगर से पवन कुमार शर्मा और मादीपुर से गिरीश सोनी शामिल हैं। कस्तूरबा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक मदन लाल और पालम सीट से विधायक भावना गौड़ ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा कि उनका आप और इसके सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर विश्वास खत्म हो गया है। त्रिलोकपुरी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रोहित कुमार ने दलित/वाल्मीकि समुदाय के उत्थान के लिए अधूरे वादों का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।