अपडेटेड 1 February 2026 at 15:01 IST
Budget 2026: 'तीन कॉरिडोर के बारे में जो कहा, वह झूठ का पुलिंदा...', ममता बनर्जी ने बजट पर दी तीखी प्रतिक्रिया
सीएम ममता बनर्जी ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बजट में बंगाल को कुछ नहीं दिया गया है।
Mamata Banerjee on Union Budget: बजट 2026 पेश होने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने बजट को महज शब्दों का जाल बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में बंगाल के लिए कुछ भी नहीं है, सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है।
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने कहा कि बंगाल को कुछ नहीं दिया गया है। मैंने पहले डानकुनी ट्रेन के लिए बजट बनाया था। तीन कॉरिडोर के बारे में जो कहा, वह बिल्कुल झूठ का पुलिंदा है। सरासर झूठ है। यह पहले से ही प्रोसेस में है और हमने वहां काम शुरू कर दिया है।'
बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया- ममता
उन्होंने आगे कहा, ‘पुरुलिया में जंगलमहल जंगल सुंदरी प्रोजेक्ट में, इस इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए 72,000 करोड़ रुपये का निवेश होने वाला है। उन्होंने बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया है। केंद्र जो भी पैसा टैक्स में लेता है, कुछ भी वापस नहीं करता। वह बहुत सारी बातें करते हैं लेकिन बजट में किसानों, आदिवासियों और महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं है।’ मुख्यमंत्री बनर्जी ने बजट को दिखावा बताते हुए कहा कि वे बातें ज्यादा और काम कम करते हैं।
'85 मिनट के भाषण में बंगाल का जिक्र तक नहीं'
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'जो बजट पेश किया गया, 85 मिनट के स्पीच में बंगाल का जिक्र तक नहीं किया गया। एक बार भी बंगाल का नाम ही नहीं लिया। बंगाल के अलावा,बजट में किसानों की आमदनी बढ़ाने का उपाय नहीं है। युवाओं के रोजगार की कोई चर्चा नहीं है। ये बजट आधारहीन और दूरदर्शिता रहित बजट है।'
बजट पर क्या बोले दिलीप घोष?
वहीं बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि केंद्र की नीतियां देश के विकास और जनता की भलाई को ध्यान में रखते हुए बनाई जाती हैं। बजट आने के बाद सब साफ हो गया है।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की जनता अब विकास, पारदर्शिता और ईमानदार राजनीति चाहती है। उनके मुताबिक, भाजपा की प्राथमिकता है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे।
बंगाल में होने हैं विधानसभा चुनाव
बता दें पश्चिम बंगाल में तीन महीने के भीतर विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी ने अपनी कमर कस ली है और टीएमसी को सत्ता से हटाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 1 February 2026 at 15:01 IST