अपडेटेड 9 March 2025 at 12:14 IST

आतिशी क्यों दिल्ली की महिला समृद्धि योजना पर सवाल उठा कर फंसीं? BJP के नेता पूछ रहे पंजाब में कर पाए क्या...

विपक्षी नेता आतिशी के बयान पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने 'आप' नेता को आम आदमी पार्टी के पंजाब में किए अधूरे वादे की याद दिलाई।

Follow :  
×

Share


Atishi Virendra Sachdeva | Image: PTI/ANI

BJP Counterattack on AAP: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी 'महिला समृद्धि योजना' को लेकर लगातार राजधानी की बीजेपी सरकार को घेर रही हैं। उन्होंने चुनावी वादे को ‘जुमला’ करार दिया। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया।’ अब विपक्षी नेता के बयान पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने 'आप' नेता को आम आदमी पार्टी के पंजाब में किए अधूरे वादे की याद दिलाई।

दिल्ली में 'महिला समृद्धि योजना' को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर लॉन्च कर दिया गया है। इसके तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे। सरकार की ओर से तय की गई पात्राओं को पूरा करने वाली महिलाओं को इसका लाभ मिल पाएगा। हालांकि, अभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपये नहीं भेजे गए हैं। पहले लगा था कि महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे। लेकिन अब सरकार का कहना है कि पहले रजिस्ट्रेशन होगा और फिर पैसे आवंटित किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी इसी को लेकर दिल्ली की बीजेपी सरकार पर हमलावर है।

कानून प्रक्रिया के बारे में पता होना चाहिए- सचदेवा 

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आतिशी के इस बयान में मुझे हताशा और निराशा झलकती है। वह खुद संवैधानिक पद पर रही हैं। उन्हें कानून प्रक्रिया के बारे में पता होना चाहिए। किसी भी स्कीम को अमल में लाने के लिए उसकी योजना बनानी पड़ती है। उसके लिए बजट अप्रूव करना पड़ता है। कैबिनेट की मंजूरी चाहिए होती है। यह सभी काम हमने कल कर दिए। 5100 करोड़ रुपये इसके लिए (महिला समृद्धि योजना) आवंटित कर दिए।

पंजाब की महिलाएं आपको ढूंढ रही- सचदेवा 

उन्होंने आतिशी और केजरीवाल पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जितने गड्ढे पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और अरविंद केजरीवाल छोड़ कर गए हैं उन्हें भरने में थोड़ा समय लगेगा। हम हर वादा पूरा करेंगे। उस दिशा में कल हमने कदम बढ़ा दिया है। महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। उसके साथ-साथ दिल्ली का विकास भी करना है। सीवेज की समस्या है, सड़कों की समस्या है, सफाई की समस्या है उसे भी ठीक करना है। आतिशी से मैं सिर्फ एक निवेदन करता हूं 37 महीने से पंजाब की महिलाएं आपको ढूंढ रही हैं, कृप्या करके उनपर ध्यान दें, दिल्ली की चिंता हम कर लेंगे।

पहले गिरेबान में झांकिए- योगेंद्र चंचोलिया 

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के बयान पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंचोलिया ने करारा जबाब दिया है। उन्होंने कहा कि क्या उन्होंने पंजाब में महिलाओं को पैसे दिए थे? उन्हें पहले गिरेबान में झांकना चाहिए, पहले भगवंत मान से बात करें और फिर दिल्ली पर आरोप लगाएं। हमने जो सकंल्प किया है उसे पूरा करेंगे।

'पंजाब सरकार ने अपना वादा अबतक पूरा नहीं किया'

भाजपा नेता आर पी सिंह ने आतिशी के बयान पर कहा कि पंजाब सरकार ने 1000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने इसे आज तक पूरा नहीं किया। हमने एक समिति बनाई है और इसे (महिला समृद्धि योजना) कैसे लागू किया जाए, इस पर काम करना शुरू कर दिया है और बजट भी आवंटित कर दिया है। आतिशी को पहले पंजाब में पूछना चाहिए कि वहां यह कब लागू होगा, दिल्ली में एक से डेढ़ महीने के भीतर लोगों के खातों में पैसा ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगा।

विपक्ष की नेता आतिशी ने क्या कहा?

आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च को दिल्ली की सभी महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी, लेकिन कल क्या हुआ? कल की कैबिनेट मीटिंग में पैसे देना तो दूर, यह भी तय नहीं किया गया कि कौन पात्र होगा और पंजीकरण कब से शुरू होगा। कल सिर्फ एक कमेटी बनाई गई। सबको पता है कि जब किसी चीज को ठंडे बस्ते में डालना होता है, तो कमेटी बना दी जाती है। यही भाजपा ने किया है।

इससे पहले उन्होंने कहा था- दिल्ली की महिलाओं को खाते में ढाई हजार रुपये नहीं मिले, स्कीम तक नहीं मिली। रजिस्ट्रेशन के लिए एक पोर्टल तक नहीं मिला जिस पर जाकर वह अपने नाम भर दें। मिली भी तो सिर्फ चार सदस्य की कमेटी… खोदा पहाड़ निकली चुहिया… आज दिल्ली की महिलाओं के साथ ही ऐसा ही धोखा हो गया है।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने 2022 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की सत्ता में आने पर हर महिला को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया था।

यह भी पढ़ें: महिला समृद्धि योजना को कैसे धरातल पर उतारेगी रेखा सरकार?ये महिलाएं योजना के दायरे से बाहर, नहीं ले पाएंगी 2500 रुपये का फायदा

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 9 March 2025 at 12:07 IST