अपडेटेड 3 May 2025 at 07:17 IST
'देशद्रोहियों का गिरोह है कांग्रेस, माफ नहीं करेगा देश', चरणजीत सिंह चन्नी ने उठाए सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल; आगबबूला हुईं BJP
चन्नी ने फिर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। उन्होंने कहा कि वे कहते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की। कुछ नहीं हुआ।
BJP on Charanjit Singh Channi Statement: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है। इस बर्बर हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों और उसे पालने वाले पाकिस्तान को भारत सबक सिखाने की तैयारी में है। इस मुद्दे पर विपक्ष भी एकजुट होकर सरकार का समर्थन कर रहा है। हालांकि इसी बीच पंजाब के पूर्व CM और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सर्जिकल स्ट्राइक सवाल उठाकर विवाद खड़ा कर दिया है।
चन्नी ने फिर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज तक यह नहीं जान पाया कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुई, उस समय लोग कहां मारे गए और पाकिस्तान में यह कहां हुआ? उनके बयान पर BJP हमलवार हो गई है। बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने फिर देश के साथ गद्दारी की है।
क्या कहा था चरणजीत सिंह चन्नी ने…?
दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस नेता ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि क्या हमें पता नहीं चलेगा कि हमारे देश में कोई बम गिरा है? वे कहते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की। कुछ नहीं हुआ। कहीं भी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं देखी गई। किसी को पता नहीं चला। मैंने हमेशा इसके सबूत मांगे हैं, लेकिन आज लोगों के घावों पर मरहम लगाने की जरूरत है। हम मांग करते हैं कि सरकार कुछ करे। लोगों को बताएं कि पहलगाम आतंकवादी हमले के अपराधी कौन हैं और उन्हें दंडित करें।
कांग्रेस की यह कैसी मानसिकता?- सिरसा
चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान पर नया विवाद खड़ा हो गया। BJP के नेता उन पर भड़क उठे हैं। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने फिर भारतीय वायुसेना पर सवाल उठाए हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक बार फिर कहा है कि उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक पर भरोसा नहीं है और उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत चाहिए। कांग्रेस पार्टी, गांधी परिवार, राहुल गांधी की यह कैसी मानसिकता है कि वे सेना, भारतीय वायुसेना पर सवाल उठाते रहते हैं?
सिरसा ने कहा कि पाकिस्तान खुद कह रहा है कि भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक करके बहुत नुकसान पहुंचाया है। चरणजीत सिंह चन्नी ने फिर गांधी परिवार की गंदी राजनीति और गंदी मानसिकता को दिखाया है जो हमेशा सेना पर सवाल उठाते हैं और सेनाओं का मनोबल गिराते हैं। मैं इसकी निंदा करता हूं।
BJP नेता रविंदर रैना ने भी चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर कहा, "सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगकर कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर देश के साथ गद्दारी की है। कांग्रेस ने भारतीय सेना के शौर्य और सम्मान पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस देशद्रोहियों का गिरोह है। देश इसके लिए कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेगा।"
सफाई देते हुए क्या बोले चन्नी?
हालांकि विवाद बढ़ता देख चन्नी के सुर भी बदल गए। अपने बयान पर सवाल देते हुए उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा और फिर कह रहा हूं, कांग्रेस पार्टी हर तरीके के सरकार के साथ चट्टान की खड़ी है। सरकार उनका पानी बंद करे, उनके बंदे बुलाए, उनके बंदे भेजे, सरकार उनकी हवा बंद करे, सरकार जो भी एक्शन करें, कांग्रेस सरकार के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें: ये देखो... पैजामे में युद्ध लड़ेंगे? Pakistan सेना नौसिखियों को दे रही ट्रेनिंग, PoK में ग्रामीणों को थमाए हथियार
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 May 2025 at 07:17 IST