अपडेटेड 7 July 2024 at 18:03 IST
दिल्ली चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, खत्म करेगी अपना वनवास? वीरेंद्र सचदेवा ने किया बड़ा दावा
BJP:वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली में निजी स्वार्थसिद्धि के लिए बना गठबंधन मात्र दो नाकाम और भ्रष्ट पार्टियों का गठबंधन है, जिनका लक्ष्य जनता को लूटना ही है।"
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर कब्जा जमाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। दिल्ली में अगले साल यानी 2025 में विधानसभा चुनाव होंगे। चुनाव के मद्देनजर आज दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में BJP ने कार्यकारिणी की बैठक बुलाई।
दिल्ली में बीजेपी ने यह बैठक चुनाव को लेकर रणनीति बनाने के लिए बुलाई गई। बैठक में 2025 चुनाव को लेकर बीजेपी का रोड मैप पेश किया गया। साथ ही इस बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश कर दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार, अकर्मण्यता और भाई-भतीजावाद की निंदा की गई।
'26 सालों का खत्म होगा वनवास'
बैठक से पहले दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हुंकार भरते हुए चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में जीत बीजेपी की होगी और हम 26 सालों के वनवास को खत्म करेंगे।
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी को आशीर्वाद दिया है। BJP ने सभी 7 लोकसभा सीटें जीती हैं। अब दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल की भ्रष्ट सरकार से मुक्ति चाहती है। ऐसा कौन सा मुख्यमंत्री है जो जेल से सरकार चलता है?" उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछले 26 सालों से दिल्ली की सत्ता से दूर है। अब हम इस वनवास खत्म करेंगे।
कांग्रेस-AAP गठबंधन पर साधा निशाना
वहीं, बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली में निजी स्वार्थसिद्धि के लिए बना गठबंधन मात्र दो नाकाम और भ्रष्ट पार्टियों का गठबंधन है, जिनका लक्ष्य जनता को लूटना ही है। दिल्ली की जनता सब जानती है, जिस समय दिल्ली ही नहीं पूरा विश्व महामारी की चपेट में था, उस समय केजरीवाल सरकार भ्रष्टाचार और घोटाला करने के लिए शराबनीति बनाने में व्यस्त थी।"
'डबल इंजन की सरकार बनाएंगे...'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी इस बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "2025 के विधानसभा चुनाव में BJP को लाने के लिए जनता ने मन बना लिया है। हमारे कार्यकर्ताओं को लगातार मेहनत और संपर्क की जरूरत है ताकि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनना और दिल्ली का विकास होना सुनिश्चित हो सके।"
बता दें कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के 61 विधायक हैं, जबकि BJP के आठ सदस्य हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 July 2024 at 18:03 IST