अपडेटेड 28 August 2024 at 13:38 IST

'भाजपा नेताओं को पुलिस गिरफ्तार कर रही लेकिन आरोपी को नहीं...', ममता पर सुकांत मजूमदार का हमला

पश्चिम बंगाल पुलिस पर सुकांत मजूमदार ने तीखा वार करते हुए कहा कि वह भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन आरोपियों को नहीं।

Follow :  
×

Share


BJP MP Sukanta Majumdar | Image: File Photo

Bengal Bandh: भारतीय जनता पार्टी ने कोलकाता कांड के विरोध में आज 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है। इस बीच राज्य में बीजेपी कार्यकर्ताओं का जगह-जगह का प्रदर्शन जारी है। बंद के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कई जिलों में झड़प हुई, जिसके बाद सैंकड़ों को हिरासत में लिया गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के इस रवैये पर सुकांत मजूमदार ने तीखा वार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन आरोपियों को नहीं।

केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा- 'कोलकाता हाईकोर्ट ने हमें सात दिन के धरने की अनुमति दी है। हम इसे कल से शुरू करेंगे। हम उनके फैसले का स्वागत करते हैं। यहां कोई लोकतंत्र नहीं है। पुलिस गोलीबारी नहीं रोक सकती, लेकिन केवल भाजपा के विरोध को रोक सकती है। पुलिस भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन आरोपियों को नहीं।'

भाजपा नेता की कार पर 6 राउंड फायरिंग

जानकारी है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में उत्तर 24 परगना के बनगांव स्टेशन, दक्षिण 24 परगना के गोचरण स्टेशन और मुर्शिदाबाद स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्टेशन पर उस समय तनाव बढ़ गया, जब भाजपा समर्थक और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान भाटपारा में टीएमसी समर्थकों ने कथित तौर पर बीजेपी नेता की गाड़ी पर 6 राउंड फायरिंग कर दी। इसमें दो लोगों के घायल होने की खबर है।

‘बंगाल बंद’ का आह्वान क्यों?

बता दें कि भाजपा ने 'नबन्ना अभियान' में भाग लेने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में ‘बंगाल बंद’ का आह्वान किया है, जो सुबह छह बजे शुरू हो गया। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य सचिवालय (नबन्ना) तक मार्च निकाला गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की कई जगहों पर झड़पें हुई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में BJP ने आज 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया गया है। शाम 6 बजे तक बंगाल में बीजेपी जगह-जगह प्रदर्शन करेगी। 

यह भी पढ़ें: तानाशाह दीदी के राज में मां,माटी-मानुष असुरक्षित...बंगाल में BJP नेता पर हमले को लेकर भड़के पूनावाला

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 28 August 2024 at 13:38 IST