'मैं यहां चुनाव जीतने या हारने नहीं आया...', पंजाब में एंट्री की चर्चा के बीच केजरीवाल ने खोला राज, बताया क्यों आए हैं यहां?
लुधियाना विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तीन दिन के लुधियाना दौरे पर हैं।
- भारत
- 3 min read
Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद से ही अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पर फोकस कर लिया है। सियासी गलियारों में खबरें ये भी हैं कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जा सकते हैं। ये कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सांसद संजीव अरोरा को लुधियाना विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है।
लुधियाना विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तीन दिन के लुधियाना दौरे पर हैं। आज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज की बैठक पंजाब के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। मैं यहां राजनीति के बारे में बात करने नहीं आया हूं, चाहे वह भाजपा हो, कांग्रेस हो, आम आदमी पार्टी हो या अकाली दल हो।
मेरा मिशन पंजाब से ड्रग्स को खत्म करना- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं यहां चुनाव जीतने या हारने पर चर्चा करने नहीं आया हूं। आज हम सब यहां एक मिशन के लिए एकत्र हुए हैं और वह मिशन है पंजाब से ड्रग्स को खत्म करना। मेरा दिल कहता है कि अगर इस हॉल में बैठा हर व्यक्ति पंजाब से ड्रग्स को खत्म करने का फैसला कर ले तो हमें ऐसा करने से कोई नहीं रोक सकता।
एक-एक पिंड में जाकर नशे के खिलाफ जंग छेड़िए- अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि अब पंजाब को नशामुक्त बनायेंगे। AAP सरकार और पुलिस पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए युद्ध छेड़े हुए है। अब इसमें आप भी भागीदारी लीजिए। आप लोग एक-एक पिंड में जाकर नशे के खिलाफ जंग छेड़िए। पुलिस और प्रशासन आपके साथ खड़ा है। अपने गांव को नशा मुक्त बनाइए। नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए अब महाभियान छिड़ेगा। 1 मई से सरकार के मंत्री, विधायक और अधिकारी गांव-गांव तक जायेंगे और नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगे। लुधियाना में स्कूलों और कॉलेजों के युवाओं के साथ नशे के खिलाफ पदयात्रा निकाली जाएगी। Village Defence कमिटी के तहत आप लोग भी गांवों में जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कीजिए। पंजाब सरकार सभी गांवों में खेल के मैदान बनवा रही है, जिससे नशा मुक्त अभियान को सफलता मिलेगी।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 1 April 2025 at 19:33 IST